बिहार

नाबालिग लड़की की बेरहमी से हत्या, अर्धनग्न अवस्था में मिला शव

HARRY
3 July 2022 4:16 PM GMT
नाबालिग लड़की की बेरहमी से हत्या, अर्धनग्न अवस्था में मिला शव
x
पढ़े पूरी खबर

गया. बिहार के गया में एक 10वीं क्लास की नाबालिग लड़की की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतका का अर्धनग्न अवस्था में शव मिला है। शव मिलने से पहले वाली रात ही लड़की का अपने पिता से विवाद हुआ था। दरअसल, उसका पिता शराब पीकर घर आया था जिस वजह से लड़की दरवाजा नहीं खोल रही थी। बाद में चचेरे भाई के कहने पर उसने दरवाजा खोल दिया। ऐसे में कहा जा रहा है कि उसकी हत्या पिता कर सकता है। हालांकि, अभी पुलिस ने इस बारे में कुछ नहीं कहा है और पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ चल रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, सोनपुरा गांव में शनिवार की रात 10वीं की छात्रा अर्चना कुमारी उर्फ तेतरी की हत्या कर दी गई। अर्चना घर के अंदर अकेली सो रही थी। उसका पिता हेमंत साव एक कमरे वाले उस घर के दरवाजे पर सोया हुआ था। घटना वाली रात परिवार का अन्य कोई भी सदस्य घर पर नहीं था। हेमंत साव के दोनों पुत्र बाहर रहते हैं। उसकी पुत्रवधू भी एक दिन पहले ही अपने मायके चली गई थी। ग्रामीणों ने बताया कि हेमंत साव शनिवार की देर रात शराब पीकर आया तो उसकी बेटी घर का दरवाजा नहीं खोल रही थी।
हालांकि, बाद में अपने चचेरे भाई के कहने पर उसने दरवाजा खोल दिया था। अपने पिता को खाना दिया। रविवार की सुबह हेमंत साव ने पड़ोसी महिलाओं से कहा कि उसकी बेटी अभी तक सो कर नहीं उठी है। पड़ोसी महिला ने घर के अंदर देखा कि खून से लथपथ अर्चना कुमारी अर्धनग्न अवस्था में बेड पर पड़ी हुई है। पंचायत समिति सदस्य रविन्द्र सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी प्राप्त होने पर डुमरिया थाना की पुलिस जब गांव में आई तो मृतिका के पिता हेमंत साव भागने की कोशिश में था। परंतु उसे पकड़ लिया गया।
थानाध्यक्ष बिमल कुमार ने बताया कि इस मामले में अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। मृतका के पिता को शक के आधार पर पूछताछ के लिए थाना लाया गया है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि मृत किशोरी के सिर में गहरा जख्म था। शायद किसी तेज हथियार के वार से हमला किया गया था। शव को पोस्टमार्टम के लिए एएनएमसीएच गया भेज गया है.
Next Story