
Bihar: पटना से मिली जानकारी के अनुसार पटना मेट्रो परियोजना के तहत भूतनाथ से मलाहीपकड़ी तक मेट्रो सेवा का विस्तार 2 जुलाई को शुरू किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन के बाद आईएसबीटी से मलाहीपकड़ी तक लगभग 6 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर पर मेट्रो का नियमित परिचालन शुरू हो जाएगा।
राज्य सरकार द्वारा लगभग 13,365 करोड़ रुपये की लागत से पटना मेट्रो परियोजना विकसित की जा रही है, जिसका उद्देश्य राजधानी की यातायात व्यवस्था को आधुनिक और सुगम बनाना है। पहले चरण में 6 अक्टूबर 2025 को आईएसबीटी से भूतनाथ तक लगभग 3.2 किलोमीटर हिस्से पर मेट्रो सेवा शुरू की गई थी। अब इस नए विस्तार के साथ यात्रियों को आईएसबीटी से मलाहीपकड़ी तक करीब छह किलोमीटर तक मेट्रो की सुविधा मिलेगी। विभागीय जानकारी के अनुसार मलाहीपकड़ी के बाद मेट्रो भूमिगत मार्ग में प्रवेश करेगी, जो पीएमसीएच, गांधी मैदान, डाकबंगला होते हुए पटना जंक्शन तक जाएगी। इस रूट पर राजेंद्र नगर, मोइन उल हक स्टेडियम, पटना साइंस कॉलेज, पीएमसीएच, गांधी मैदान और आकाशवाणी जैसे प्रमुख स्थानों पर भूमिगत स्टेशन बनाए जा रहे हैं।
इसके अलावा खेमनीचक मेट्रो स्टेशन का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और इसे अगले कुछ दिनों में यात्रियों के लिए शुरू करने की तैयारी है। यह स्टेशन भूतनाथ और मलाहीपकड़ी के बीच स्थित है। अधिकारियों के अनुसार आगे मेट्रो सेवा मीठापुर, चंद्रगुप्त प्रबंधन संस्थान, करबिगहिया होते हुए पटना जंक्शन तक पहुंचेगी। इस विस्तार से शहर में यातायात का दबाव कम होगा और लोगों को तेज, सुरक्षित और आधुनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।
नगर विकास एवं आवास विभाग ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि पटना के लोगों को विश्वस्तरीय सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिले और मेट्रो परियोजना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।





