बिहार

मौसम विभाग की चेतावनी, बिहार के 12 जिलों में येलो अलर्ट

Saba Naaz
4 July 2026 4:15 PM IST
मौसम विभाग की चेतावनी, बिहार के 12 जिलों में येलो अलर्ट
x

बिहार: मानसून के बीच मौसम को लेकर भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 5 जुलाई का नया अपडेट जारी किया है. रिपोर्ट के अनुसार इस दिन राज्य के अधिकतर हिस्सों में मौसम सामान्य और साफ रहने की संभावना है, जिससे लोगों को भारी बारिश से राहत मिल सकती है. हालांकि हवा में नमी के कारण कई इलाकों में उमस भरी गर्मी बनी रह सकती है और हल्की-फुल्की बारिश के भी कुछ स्थानों पर आसार जताए गए हैं.

मौसम विभाग ने राज्य के 12 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. इनमें पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीवान, सारण, गोपालगंज, सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर और समस्तीपुर शामिल हैं. इन जिलों में तेज हवा, बादलों की गड़गड़ाहट, वज्रपात और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना जताई गई है. हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

पटना और गया जैसे दक्षिणी और दक्षिण-मध्य जिलों में तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है. इन इलाकों में अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है. बक्सर और भोजपुर में भी गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर सकती है. रात के समय न्यूनतम तापमान 26 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है.

मौसम विभाग ने साफ किया है कि फिलहाल राज्य में भारी बारिश की कोई चेतावनी नहीं है, लेकिन स्थानीय स्तर पर बादल बनने और गरज-चमक के साथ बारिश की स्थिति बन सकती है. ऐसे में लोगों को खुले स्थानों पर न जाने और मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है.

Next Story