बिहार

मौसम विभाग ने 32 जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की

Tulsi Rao
10 Jun 2022 5:24 PM GMT
मौसम विभाग ने 32 जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की
x
पढ़े पूरी खबर

बिहार के 32 जिलों में 14 जून को मौसम विभाग ने गरज-तड़क के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है। इसे एक तरह से मानसून के आगमन के संकेत के रूप में भी देखा जा रहा है। हालांकि, पूर्णिया में अगले दो-तीन दिनों की मौसमी हलचल से मानसून का सटीक आकलन किया जाएगा। जिन जिलों के लिये मौसम विभाग की ओर से चेतावनी नहीं जारी की गई है। उनमें बक्सर, भोजपुर, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद, अरवल शामिल हैं। बारिश के बाद अधिक तापमान वाले इलाकों में तपिश से राहत मिलने के आसार हैं। इधर अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर बिहार के अररिया, किशनगंज में मेघ गर्जन के साथ भारी बारिश को लेकर येलो-अलर्ट जारी किया है।

शुक्रवार को रोहतास सबसे गर्म रहा जहां अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री रहा। औरंगाबाद 43.9 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का दूसरा सबसे गर्म शहर रहा। पटना का तापमान आंशिक रूप से ऊपर चढ़कर 39 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार एक पूर्व पश्चिम ट्रफ-रेखा दक्षिण उत्तरप्रदेश से असम तक बिहार एवं उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल होते हुए गुजर रही है। जिसके प्रभाव से कहीं बारिश की गतिविधियां तो कहीं उमस भरी गर्मी का प्रभाव बना हुआ है। सूबे के दक्षिण भाग में तापमान में गिरावट का असर 12 जून से ही दिखने लगेगा।
इन जिलों में हुई बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के उत्तरी भागों में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सुपौल जिले के भीमनगर में 42.8 मिमी, अररिया के नरपतगंज में 26 मिमी, सुपौल के निर्मली में 18 मिमी, मधुबनी के जयनगर में 13.4 मिमी, अररिया के सिकटी में 8.2 मिमी, सुपौल के त्रिवेणीगंज में 6.4 मिमी, सुपौल के बीरपुर में 6.4 मिमी, मधेपुरा में 6.4 मिमी, फारबिसगंज में 6.2 मिमी, किशनगंज के तैयबपुर में 6.0 मिमी, अररिया के जोकिहाट में 5.4 मिमी, अररिया में 5.0 मिमी, किशनगंज के बहादुरगंज में 4.2 मिमी एवं मधुबनी के फुलपरास में 3.8 मिमी बारिश दर्ज की गई।
प्रदेश में शुक्रवार को पूर्वी चंपारण, सारण, बक्सर, गया, शेखपुरा, समस्तीपुर एवं फारबिसगंज को छोड़कर शेष सभी जिलों के तापमान में आंशिक बढ़ोतरी हुई।
प्रमुख शहरों का अधिकतम तापमान
पटना 39 डिग्री सेल्सियस
रोहतास 44.2 डिग्री सेल्सियस
औरंगाबाद 43.9 डिग्री सेल्सियस
मुजफ्फरपुर 32.8 डिग्री सेल्सियस
भागलपुर 37.5 डिग्री सेल्सियस
कटिहार 32.9 डिग्री सेल्सियस
नालंदा 39.8 डिग्री सेल्सियस
नवादा 42.2 डिग्री सेल्सियस
जमुई 41.7 डिग्री सेल्सियस
बांका 40.2 डिग्री सेल्सियस
Next Story