बिहार

बिहार में मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट, कई जिलों में हो सकती है बारिश

Renuka Sahu
25 Feb 2022 2:10 AM GMT
बिहार में मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट, कई जिलों में हो सकती है बारिश
x

फाइल फोटो 

बिहार के मौसम में तेजी से बदलाव हुआ है। नमी लेकर आ रही पुरवा और दक्षिण पुरवा हवाओं की वजह से बारिश की स्थिति बनी है।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। बिहार के मौसम में तेजी से बदलाव हुआ है। नमी लेकर आ रही पुरवा और दक्षिण पुरवा हवाओं की वजह से बारिश की स्थिति बनी है। पटना सहित राज्य के अधिकतर जिलों में बादल छाये रहे। पटना में दिनभर सूरज की बादलों के साथ लुकाछिपी चलती रही। इधर गया में दोपहर बाद झमाझम बारिश हुई। जिले में कई जगहों पर गरज-तड़क के साथ बारिश की सूचना है। औरंगाबाद में बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की घटना हुई।

गोह और मदनपुर के इलाके में ठनका गिरने की जानकारी मिली है। शाम छह बजे मौसम विभाग ने रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, जहानाबाद, गया, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय, मुंगेर, बेगूसराय और खगड़िया के लिए मेघ गर्जन और बज्रपात के साथ वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया। राजधानी पटना में भी बादलों के छाये रहने से लोगों में बारिश को लेकर असमंजस की स्थिति बनी रही।
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार शुक्रवार को भी यही स्थिति बनी रहेगी। झारखंड से सटे जिलों में मौसम के बदलाव का असर विशेष दिखेगा। गुरुवार को राज्य के उत्तर पूर्व, उत्तर पश्चिम और उत्तर मध्य भाग में मेघ गर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। पटना में गुरुवार को भी आंशिक बारिश के आसार जताए गये हैं।
सुबह का मौसम हुआ गर्म
सूबे का मौसम पिछले दो दिनों में सुबह में तेजी से गर्म हुआ है। न्यूनतम तापमान तीन से पांच डिग्री तक ऊपर चढ़ा है। इसकी मुख्य वजह पुरवा हवाओं का प्रभाव है। 26 फरवरी के बाद हवाओं के रुख में बदलाव के साथ ही मौसम साफ होगा और उसके बाद न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट आएगी। 26 से 28 तक सूबे में मौसम के शुष्क रहने के आसार हैं।
हाल में तेजी से चढ़ा है अधिकतम पारा
सूबे में पिछले 10 दिनों में अधिकतम तापमान तेजी से ऊपर चढ़ा है। 20 से 22 डिग्री के आसपास रहने वाला अधिकतम पारा फिलहाल 28 डिग्री तक पहुंच गया है। हालांकि गुरुवार को गया, पटना और दक्षिण बिहार में कई जगहों पर अधिकतम तापमान में दो डिग्री तक गिरावट आई है।
Next Story