बिहार

विवाहिता की दहेज के लिए हत्या, आरोपी पति गिरफ्तार

Admin4
10 Oct 2023 7:12 AM GMT
विवाहिता की दहेज के लिए हत्या, आरोपी पति गिरफ्तार
x
पटना। राजधानी पटना के मनेर थाना क्षेत्र के भिखाबांध दयालचक में एक विवाहिता की दहेज के लिए हत्या कर दी गई। मायके वालों की सूचना पर पुलिस ने शव को जब्त कर लिया। पोस्टमार्टम करा कर शव परिजनों को सौंप दिया। पटना जिले के ही दनाड़ा विक्रम निवासी ललन साव ने अपनी पुत्री प्रियंका कुमारी की शादी मनेर भिखाबांध दयालचक के निवासी बबन साव के पुत्र विक्की से 7 मई 2021 को की थी। शादी के बाद से ससुराल वाले उसे दहेज में रकम और सामान मायके से लाने के लिए प्रताड़ित करते थे। ललन साव के पुत्र राजीव रंजन के अनुसार उन्होंने उपहार स्वरूप अपने बहन को सात लाख के गहने एवं अन्य सामग्री दिए थे। इसके बाद भी उसके ससुराल वालों का मन नहीं भरा और कई बार मार पीटकर कर उसे घर से निकाल दिया। समझौता एवं पंचायती के बाद फिर से उसे घर में रखा गया। पूर्व में भी कई बार उसकी हत्या का भी प्रयास हुआ था। बीती रात मायके के लोगों को सूचना मिली कि प्रियंका की तबीयत खराब है। गांव पहुंचे तो पहले अस्पताल में भर्ती की बात कही गई। अस्पताल पहुंचे तो कहा गया कि आपकी बहन मर चुकी है। पुलिस ने विवाहिता के शव को बरामद कर पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। इस संबंध में मृतक के भाई राजीव रंजन ने मनेर थाने में दहेज के लिए हत्या का मामला दर्ज करवाया है। इसमें मृतक के पति, सास, ससुर और देवर को नामजद अभियुक्त बनाया है। घटना के संबंध में मनेर थानाध्यक्ष संजय शंकर ने बताया की मृतक के भाई ने दहेज को लेकर हत्या की लिखित शिकायत दर्ज करवाया है। मृतक के पति को गिरफ्तार किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामला स्पष्ट हो पाएगा।
Next Story