
x
जमीन विवाद के बीच चर्चा में आईं BJP विधायक मैथिली ठाकुर की संपत्ति
पटना: बिहार की भाजपा विधायक और प्रसिद्ध लोकगायिका मैथिली ठाकुर इन दिनों जमीन विवाद को लेकर चर्चा में हैं। इस विवाद के बीच उनकी संपत्ति से जुड़ी जानकारियां भी सुर्खियों में आ गई हैं। नकदी, सोने के आभूषण और दिल्ली में फ्लैट सहित उनकी चल-अचल संपत्ति को लेकर लोगों की दिलचस्पी बढ़ गई है। संगीत की दुनिया में अपनी पहचान बनाने के बाद राजनीति में कदम रखने वाली मैथिली ठाकुर अब अपनी संपत्ति और जमीन से जुड़े विवाद के कारण चर्चा में हैं।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान मैथिली ठाकुर ने निर्वाचन आयोग के समक्ष दाखिल किए गए चुनावी हलफनामे में अपनी संपत्ति का विस्तृत ब्योरा दिया था। इस हलफनामे के अनुसार, भाजपा विधायक के पास कुल तीन करोड़ 82 लाख 33 हजार 255 रुपये की संपत्ति है। इसमें नकदी, बैंक खातों में जमा राशि, विभिन्न निवेश, सोने के आभूषण और आवासीय संपत्ति शामिल हैं। जमीन विवाद सामने आने के बाद उनका यह चुनावी हलफनामा एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
नामांकन दाखिल करने के समय मैथिली ठाकुर के पास एक लाख 80 हजार 700 रुपये नकद थे। उनकी कुल चल संपत्ति करीब दो करोड़ 32 लाख रुपये दर्ज की गई थी। इसमें बैंक खातों में जमा रकम, निवेश और अन्य वित्तीय संपत्तियों का विवरण शामिल है। हलफनामे में दी गई जानकारी के अनुसार, मैथिली ठाकुर के विभिन्न बैंक खातों में करीब 72 लाख सात हजार 465 रुपये जमा थे। इसके अलावा उन्होंने म्यूचुअल फंड और अन्य माध्यमों में करीब 31 लाख 42 हजार 794 रुपये का निवेश किया था। उनके पास लगभग 409 ग्राम सोना भी दर्ज है, जिसकी कीमत करीब 52 लाख रुपये बताई गई थी।
मैथिली ठाकुर की अचल संपत्ति की बात करें तो चुनावी हलफनामे में इसकी कुल कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये दर्ज की गई है। उनकी आवासीय संपत्ति में दिल्ली के द्वारका इलाके का एक फ्लैट शामिल है। संपत्ति का मूल्य चुनाव के दौरान दाखिल किए गए दस्तावेजों के अनुसार बताया गया है। वाहनों के मामले में मैथिली ठाकुर के हलफनामे में एक होंडा एक्टिवा स्कूटी का उल्लेख है। इसकी कीमत करीब 20 हजार रुपये दर्ज की गई थी। इसके अलावा चुनावी दस्तावेजों में उनके ऊपर किसी तरह का कर्ज या वित्तीय देनदारी नहीं होने की जानकारी दी गई थी। नामांकन के समय उनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं होने का भी उल्लेख था।
मैथिली ठाकुर की कमाई का प्रमुख माध्यम संगीत रहा है। लाइव सिंगिंग कार्यक्रमों के अलावा यूट्यूब, अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और ब्रांड प्रमोशन से भी उनकी आमदनी होती रही है। चुनावी हलफनामे के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2023-24 में उनकी वार्षिक आय करीब 28.67 लाख रुपये दर्ज की गई थी। बिहार के मधुबनी जिले के बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के उरेन गांव की मूल निवासी मैथिली ठाकुर ने दिल्ली विश्वविद्यालय के भारती कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई पूरी की है। लोकगीतों और पारंपरिक संगीत के माध्यम से उन्होंने देशभर में अपनी पहचान बनाई। संगीत के क्षेत्र में लोकप्रियता हासिल करने के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा और बिहार की अलीनगर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक बनीं।
दरअसल, मैथिली ठाकुर और उनके पिता रमेश ठाकुर का नाम इन दिनों दरभंगा जिले के तारडीह प्रखंड की पोखरभिंडा पंचायत में जमीन से जुड़े विवाद के कारण सुर्खियों में है। स्थानीय ग्रामीणों ने सरकारी जमीन, सार्वजनिक रास्ते, नाले और कुछ निजी जमीनों पर कथित कब्जे को लेकर शिकायत दर्ज कराई है। ग्रामीणों का आरोप है कि तिवारी बाबा स्थान के समीप स्थित जमीन, सामूहिक श्राद्धस्थल, निजी श्मशान और सार्वजनिक सड़क पर निर्माण कर रास्ता बाधित किया जा रहा है। ग्रामीणों ने अंचल अधिकारी और मुख्यमंत्री कार्यालय में आवेदन देकर मामले की जांच की मांग की है। इसके अलावा विवादित जमीन की सरकारी अमीन से मापी कराने की मांग भी उठाई गई है।
अंचल अधिकारी आलोक कुमार ने ग्रामीणों की शिकायत मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि संबंधित मामले में दोनों पक्षों को जनता दरबार में बुलाया गया है। जमीन से जुड़े दस्तावेजों की जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर ने अपने पिता और परिवार पर लगाए गए आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। उन्होंने कहा कि उनके परिवार के पास जमीन से संबंधित वैध दस्तावेज मौजूद हैं और किसी की जमीन पर कब्जा नहीं किया गया है। विधायक ने आरोप लगाने वाले लोगों से कहा कि वे सोशल मीडिया पर बयानबाजी करने के बजाय संबंधित अधिकारियों के सामने सबूत प्रस्तुत करें।
जमीन विवाद के बीच राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। पूर्व विधायक तेज प्रताप यादव और राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। विपक्षी नेताओं ने सत्ता के प्रभाव के इस्तेमाल का आरोप लगाया है। हालांकि, मैथिली ठाकुर ने इन आरोपों को निराधार बताया है। फिलहाल जमीन से जुड़े विवाद के बीच मैथिली ठाकुर की संपत्ति का ब्योरा चर्चा का विषय बना हुआ है। वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव के दौरान दाखिल हलफनामे के अनुसार, उनके पास 3.82 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति थी। वहीं, जमीन विवाद में लगाए गए आरोपों की वास्तविक स्थिति संबंधित दस्तावेजों की जांच और प्रशासनिक कार्रवाई के बाद स्पष्ट होगी।
Next Story





