बिहार

माही नदी ने मचाई तबाही बांध टूटते ही गांवों की ओर दौड़ा पानी

nidhi
5 Sept 2026 9:50 AM IST
माही नदी ने मचाई तबाही बांध टूटते ही गांवों की ओर दौड़ा पानी
x
सारण में बाढ़ का संकट

सारण: बिहार के सारण जिले के दिघवारा प्रखंड में शनिवार सुबह माही नदी का बांध टूटने से बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। त्रिलोकचक पंचायत के केसरपुर गांव के पास करीब 30 फीट हिस्से में बांध टूटने के बाद नदी का पानी तेजी से आसपास के इलाकों में फैलने लगा। अचानक पानी आने से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और लोग जरूरी सामान लेकर सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे।

कई गांवों में पहुंचा पानी
बांध टूटने का सबसे ज्यादा असर इश्मैला गांव में बताया जा रहा है, जहां कई घर पानी की चपेट में आ गए हैं। इसके अलावा त्रिलोकचक, कुरैया और बरुआ पंचायत के कई इलाकों में भी पानी फैलने लगा है। निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बाढ़ का खतरा सता रहा है।
डीएम पहुंचे मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव, सोनपुर एसडीओ, डीएसपी और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। जल संसाधन विभाग की टीम को भी बुलाया गया है और टूटे बांध की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है। प्रशासन की प्राथमिकता पानी के बहाव को नियंत्रित करने के साथ प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाना है। ग्रामीणों से घटनास्थल पर अनावश्यक भीड़ नहीं लगाने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है। माही नदी में इससे पहले भी बढ़ते जलस्तर और तेज कटाव को लेकर चिंता जताई गई थी। अगस्त में दिघवारा के पट्टी पुल के पास सड़क सह बांध में कटाव तेज होने से दर्जनों गांवों पर बाढ़ और संपर्क टूटने का खतरा मंडराया था। फिलहाल प्रशासन और जल संसाधन विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं। पानी के फैलाव को देखते हुए आसपास के गांवों में सतर्कता बढ़ा दी गई है और हालात की लगातार निगरानी की जा रही है।
Next Story