
बंजरिया से दो दिन पूर्व रिफाइन पाम ऑइल लदा ट्रक लूट लिया गया था। ट्रक चालक पूर्वी चंपारण के सुगौली सुगांव के चतुरगुन साह और खलासी त्रिलोकी कुमार रक्सौल से रिफाइन पाम ऑइल लेकर कानपुर जाने के लिए निकले थे। घर पर खाना खाने के बाद देर रात कानपुर के लिए निकले। बजरिया में रख मंदिर के समीप ओवरटेक कर बोलेरो सवार अपराधियों ने ट्रक रुकवाया। अपराधियों ने आर्म्स दिखाकर चालक और खलासी को कब्जे में लेकर जमकर मारपीट की। बोलेरो से अगवा कर कोबैया गांव के समीप सुनसान जगह देखकर दोनों को फेंक दिया। तेल समेत ट्रक लूटकर अपराधी भाग निकले। चालक को होश आने के बाद ट्रक मालिक को घटना की सूचना दी।
ट्रक लूट की सूचना पर मोतिहारी से लेकर मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर तक पुलिस को अलर्ट किया गया। इसी बीच सूचना मिली ट्रक को मुजफ्फरपुर की ओर से ले जाया गया है। SSP जयंतकांत के निर्देश पर हाइवे से लेकर शहर में चौतरफा नाकेबंदी की गई। इसी दौरान चंदवारा इलाके से ट्रक को पकड़ा गया और तीन शातिरों की भी गिरफ्तारी हुई। पुलिस का कहना है कि लूटे गए ट्रक को बेगूसराय जिले में पहुंचाने की तैयारी थी। वहीं पर रिफाइन ऑइल बेचा जाता। ये गिरोह लग्जरी गाड़ी से रात में हाइवे पर घूमता है और बड़े वाहनों को टारगेट करता है। इस गैंग का सिंडिकेट उत्तर बिहार में सक्रिय है। पूछताछ में दर्जनों लूटेरों के नाम और ठिकाने की जानकारी मिली है। इसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।





