बिहार

शराब पार्टी पड़ी महंगी: 6 सॉफ्टवेयर इंजीनियर गिरफ्तार, दोस्त की शादी में पहुंचे थे

jantaserishta.com
21 Nov 2021 11:50 AM IST
शराब पार्टी पड़ी महंगी: 6 सॉफ्टवेयर इंजीनियर गिरफ्तार, दोस्त की शादी में पहुंचे थे
x
इस कार्रवाई से हड़कम्प मच गया है.

पटना. शराबबंदी को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा की गई समीक्षात्मक बैठक के बाद पटना पुलिस ऑपरेशन मोड में आ गई है. शनिवार को लगातार दूसरे दिन पटना पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में शराब को लेकर बड़े पैमाने पर छापेमारी अभियान चलाया. इस दौरान कंकड़बाग थाना क्षेत्र स्थित होटल फार्च्यून में पुलिस ने छापेमारी कर एक वैवाहिक समारोह में भाग लेने आए 6 इंजीनियरों को शराब की पार्टी करते गिरफ्तार कर लिया. इनमें चार सॉफ्टवेयर इंजीनियर कोलकाता के रहने वाले हैं जबकि पांचवा बेगूसराय का और छठा गया का रहने वाला बताया जाता है.

टीसीएस जैसी बड़ी कंपनियों में यह जॉब करते हैं. इनकी पोस्टिंग हैदराबाद, दिल्ली और कोलकाता में बताई जा रही है. बड़े शहरों की बड़ी कंपनियों में जॉब करने वाले सॉफ्टवेयर इंजीनियरों को अब बिहार में जेल की सजा काटनी पड़ेगी. मिली जानकारी के अनुसार डॉ आरएन सिंह मोड़ के पास स्थित फार्च्यून होटल में यह सभी सॉफ्टवेयर इंजीनियर अपने एक इंजीनियर दोस्त की शादी में शरीक होने के लिए आए थे. ये सभी दूल्हे के दोस्त बताए जा रहे हैं. कोलकाता से रोहित, विनीत जायसवाल, आनंद कुमार मंडल और विकास कुमार, गया से कंचन कुमार सिंह और बेगूसराय से अनिल अपने दोस्त की शादी में शरीक होने आए थे.
सभी दोस्त एक ब्रांडेड कंपनी की शराब के साथ पार्टी कर रहे थे. कमरे के अंदर 6 ग्लास और शराब की बोतल के साथ यह सभी शराब पार्टी में जुटे हुए थे, उसी दौरान कंकड़बाग थाना की पुलिस ने होटल में छापेमारी कर दी. पुलिस को देखते ही सभी साथियों के होश फाख्ता हो गए. शादी का खुशनुमा माहौल उस समय बिगड़ता नजर आया जब पुलिस ने इन सभी छह इंजीनियर्स को गिरफ्तार कर लिया और पूछताछ करने लगी. बाद में इन सभी को थाने लाया गया और सभी के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
कोतवाली थाना की पुलिस ने भी डाक बंगला चौराहे पर होटल जिंजर के कमरा नंबर 506 में छापेमारी की. इस दौरान कमरे में भागलपुर के रहने वाले डॉक्टर शैलेंद्र शेखर रांची की रहने वाली महिला डॉक्टर मित्र के साथ रुके हुए थे. महिला मित्र फिलहाल महाराष्ट्र में पोस्टेड है. दोनों पटना में इंटरव्यू देने के लिए आए थे लेकिन छापेमारी के दौरान कमरे से ब्रांडेड विदेशी शराब मिलने के बाद खलबली मच गई. इसके बाद पुलिस ने शैलेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस की मानें तो फिलहाल दोनों में से किसी ने शराब नहीं पी है. तीसरा मामला कंकड़बाग थाना क्षेत्र का है जहां पर बीएसएनएल कर्मी के घर से पुलिस ने भारी मात्रा में शराब जप्त किया है. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और पूछताछ करने में लगी है.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story