
Bihar: लालू प्रसाद यादव की चर्चित महिंद्रा जीप एक बार फिर सुर्खियों में है, क्योंकि राबड़ी देवी के 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी बंगला खाली करने के बाद यह जीप अब तेजस्वी यादव के आवास पर पहुंचा दी गई है। इस गाड़ी को लालू यादव की राजनीतिक यात्रा का अहम हिस्सा माना जाता है और इसका परिवार से भावनात्मक जुड़ाव भी बताया जाता है।
जानकारी के अनुसार, यह वही पुरानी महिंद्रा जीप है जिसे लालू यादव ने अपने शुरुआती राजनीतिक जीवन में करीब 5 हजार रुपये में खरीदा था। बताया जाता है कि 1977 में सांसद बनने के बाद वे कोलकाता गए थे, जहां उन्होंने सेना द्वारा इस्तेमाल की गई एक पुरानी मिलिट्री डिस्पोजल जीप खरीदी थी। उस समय सांसदों और विधायकों को ऐसी पुरानी गाड़ियां खरीदने की अनुमति होती थी। यह जीप लंबे समय तक लालू यादव की राजनीति और जनसंपर्क का हिस्सा रही। करीब 15 वर्षों तक उन्होंने इसी गाड़ी से गांव-गांव का दौरा किया, चुनावी सभाओं में पहुंचे और राजनीतिक अभियानों को आगे बढ़ाया। मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने सरकारी गाड़ियों का उपयोग शुरू किया, लेकिन इस जीप से उनका जुड़ाव बना रहा।
इस गाड़ी की एक खास बात यह भी रही है कि कई बड़े समाजवादी नेता, जिनमें शरद यादव जैसे नेता शामिल हैं, इस जीप में सफर कर चुके हैं। पुराने सहयोगियों के अनुसार, कई बार यह जीप रास्ते में खराब भी हुई, लेकिन कार्यकर्ताओं और नेताओं ने मिलकर इसे धक्का देकर भी आगे बढ़ाया, जो आज भी एक यादगार किस्सा माना जाता है। लालू यादव का इस जीप से भावनात्मक रिश्ता आज भी कायम है। उन्होंने कई मौकों पर इस गाड़ी को चलाते हुए तस्वीरें और वीडियो भी साझा किए हैं। 2021 में उन्होंने सोशल मीडिया पर इस जीप से जुड़ा एक वीडियो भी पोस्ट किया था, जिसे काफी चर्चा मिली थी।
हाल ही में राबड़ी देवी के सरकारी आवास खाली होने के बाद इस ऐतिहासिक जीप को तेजस्वी यादव के आवास पर स्थानांतरित कर दिया गया है। वहीं लालू यादव का कैरावान कौटिल्य नगर स्थित निजी आवास में भेजा गया है। करीब पांच दशक पुरानी यह जीप केवल एक वाहन नहीं, बल्कि लालू यादव के राजनीतिक सफर, संघर्ष और शुरुआती दौर की पहचान मानी जाती है। यही कारण है कि आज भी यह गाड़ी उनके समर्थकों और राजनीतिक इतिहास में विशेष महत्व रखती है।





