Kishanganj: सीएम नीतीश कुमार आज किशनगंज को 350 करोड़ की योजनाओं की सौगात देंगे

किशनगंज: प्रगति यात्रा के तहत सीएम नीतीश कुमार का आज किशनगंज आगमन हो रहा हैं. वह करीब साढ़े चार घंटे तक वहां रुकेंगे. मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर सुबह 10:30 बजे ठाकुरगंज के पटनेश्वरी पंचायत के कटहल डांगी गांव स्थित हेलीपैड पर उतरेगा. इसके बाद कटहल डांगी गांव में अल्पसंख्यक टोला का भ्रमण करने के साथ-साथ प्राथमिक विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र का दौरा करेंगे. अल्पसंख्यक समुदाय से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के तहत लाभार्थियों के बीच राशि का वितरण करेंगे.
350 करोड़ की योजनाओं की सौगात देंगे सीएम: अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री किशनगंज वासियों को करीब 350 करोड़ की योजनाओं की सौगात देंगे. सीएम आंगनबाड़ी केंद्र, सामुदायिक भवन, जीविका भवन और सामुदायिक शौचालय का शिलान्यास एवं उद्घाटन करेंगे. इसके साथ ही ठाकुरगंज बाईपास रोड की समस्या का अवलोकन करेंगे. इसके बाद 11 बजे कटहल डांगी स्थित हेलीपैड से उड़ान भरकर 11:20 पर किशनगंज प्रखंड के मोतिहारी जवाहर नवोदय विद्यालय स्थित हेलीपैड में आगमन करेंगे. फिर यहां से सड़क मार्ग से हलमाला के लिए रवाना होंगे.
इंजीनियरिंग कॉलेज के भवन का शिलान्यास करेंगे: सुबह 11:30 मिनट में हलमाला पहुंचकर हालामाला वार्ड नंबर 4 स्थित खेल मैदान, सरोवर, डब्ल्यूपीयू,एचडब्ल्यूसी , गोवर्धन प्लॉट इत्यादि का अवलोकन कर विभिन्न विभागों के स्टॉल का निरीक्षण और लाभुकों को चेक का वितरण करेंगे. इसके बाद 11:50 मिनट में हालामाला से सड़क मार्ग से महेशबथना के लिए प्रस्थान करेंगे और 12 बजे महेश बथना स्थित जिला आपातकालीन प्रतिक्रिया सुविधा-सह-प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन और गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज के अतिरिक्त भवन का शिलान्यास करेंगे.
फुटओवर ब्रिज की आधारशिला रखेंगे सीएम: वहीं, दोपहर 12:10 मिनट में महेशबथना से डेरा मारी कोचाधामन के लिए प्रस्थान करेंगे. 12:20 मिनट में डेरामारी में अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय का निरीक्षण और फुटओवर ब्रिज का शिलान्यास करेंगे. 12:35 मिनट में डेरामारी से देवघाट खगड़ा के लिए प्रस्थान करेंगे. 12:50 मिनट में देवघाट खगड़ा में रमजान नदी की समस्या का अवलोकन करने के बाद 12:55 में देवघाट खगड़ा से जिला अतिथि गृह के लिए प्रस्थान करेंगे. 1 बजे जिला अतिथि गृह में आगमन कर एक घंटा विश्राम करने के बाद 2 बजे सीएम जिला अतिथि गृह से जिला परिषद सभागार के लिए प्रस्थान करेंगे.
साढ़े 4 घंटे किशनगंज में रहेंगे सीएम: मुख्यमंत्री दोपहर 2:05 बजे जिला परिषद सभागार में पहुंचकर समीक्षा बैठक करेंगे. करीब 45 मिनट की समीक्षा बैठक के बाद 2:50 बजे सीएम जिला परिषद सभागार से खगड़ा हवाई अड्डा के लिए प्रस्थान करेंगे और 3:00 बजे खगड़ा हेलीपैड से पटना के लिए उड़ान भरेंगे. नीतीश कुमार किशनगंज में कुल 4:30 घंटा बिताएंगे.





