बिहार

बांका में करंट से जदयू नेता सज्जाद आलम की मौत

Ashish verma
9 Oct 2026 8:33 PM IST
बांका में करंट से जदयू नेता सज्जाद आलम की मौत
x
बांका। जिले के धोरैया प्रखंड अंतर्गत ताहिरपुर गांव में शुक्रवार को करंट लगने से जदयू नेता मो. सज्जाद आलम की मौत हो गई। चालीस वर्षीय सज्जाद आलम जनता दल यूनाइटेड के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रखंड अध्यक्ष और स्थानीय वार्ड सदस्य थे। हादसा कैची बहियार स्थित खेत में हुआ, जहां वह बिजली के तार की चपेट में आ गए।
सज्जाद शुक्रवार तड़के करीब पांच बजे धान की फसल का जायजा लेने के लिए घर से निकले थे। बताया गया है कि खेत में सिंचाई के लिए बांस के सहारे ले जाए गए जर्जर और बिना कवर वाले बिजली तार के संपर्क में आने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने परिचितों और सहयोगियों से संपर्क किया, लेकिन उनके बारे में जानकारी नहीं मिली। दोपहर में जुमे की नमाज के बाद खेतों की ओर पहुंचे ग्रामीणों ने उनका शव देखा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बांका भेज दिया।
सज्जाद अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। परिवार में पत्नी, एक बेटा, दो बेटियां, वृद्ध मां और अविवाहित बहन हैं। उनकी अचानक मौत से परिवार गहरे सदमे में है।
युवा जदयू के प्रदेश महासचिव आलोक कुमार सहित स्थानीय नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने परिजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने बिजली विभाग की लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रशासन और राज्य सरकार से परिवार को आर्थिक सहायता देने तथा जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की।
Next Story