बिहार

चोरी के शक में युवक पर अमानवीय अत्याचार, मुखिया समेत चार पर केस दर्ज

SHIDDHANT
3 Sept 2025 11:29 PM IST
चोरी के शक में युवक पर अमानवीय अत्याचार, मुखिया समेत चार पर केस दर्ज
x
BHAGALPUR भागलपुर। बिहार के भागलपुर जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। जिले के झंडापुर ओपी थाना क्षेत्र के दयालपुर गांव में एक युवक को चोरी के आरोप में दो दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया और फिर उस पर क्रूरता की सारी हदें पार कर दी गईं। दबंगों ने युवक के प्राइवेट पार्ट में सिरिंज से पेट्रोल डालकर उसे यातनाएं दीं। पीड़ित युवक की पहचान दयालपुर निवासी नवीन कुमार के रूप में हुई है। उसने थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें बताया गया कि उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। आरोपियों ने उस पर जबरन चोरी का आरोप कबूल करवाने का दबाव भी बनाया।
मामले में पुलिस ने खरीक प्रखंड के भवनपुरा के मुखिया विनीत कुमार सिंह उर्फ बंटी सिंह समेत चार लोगों को आरोपी बनाया है। अन्य आरोपियों में दयालपुर निवासी अजय सिंह, ललित सिंह और पप्पू सिंह शामिल हैं। नवीन कुमार ने अपनी शिकायत में कहा कि उसे दो दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया और बार-बार यातनाएं दी गईं। इस दौरान दबंगों ने चोरी का आरोप कबूल न करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
झंडापुर ओपी थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित को चिकित्सीय जांच के लिए अस्पताल भेजा गया है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोगों ने इस कृत्य को अमानवीय करार देते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
Next Story