बिहार

नामांकन से पहले महत्वपूर्ण खबर

Saba Naaz
26 Jun 2026 4:55 PM IST
नामांकन से पहले महत्वपूर्ण खबर
x

Bihar: छपरा स्थित जयप्रकाश विश्वविद्यालय (जेपीयू) में स्नातक सत्र 2026-30 के लिए नामांकन प्रक्रिया जारी है। पहली मेधा सूची के आधार पर चयनित छात्र-छात्राओं के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने दस्तावेज सत्यापन को अनिवार्य कर दिया है। इसके बिना नामांकन प्रक्रिया पूरी नहीं की जाएगी और दावेदारी रद्द होने की संभावना भी जताई गई है। विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण विभाग के अनुसार, नामांकन के समय सभी अभ्यर्थियों को अलॉटमेंट लेटर, ऑनलाइन आवेदन पत्र की कॉपी और सभी मूल दस्तावेज लेकर संबंधित कॉलेज में उपस्थित होना अनिवार्य है। अपलोड किए गए दस्तावेजों का मिलान मूल प्रमाणपत्रों से किया जाएगा, जिसके बाद ही नामांकन को मंजूरी दी जाएगी।

जानकारी के अभाव में कई छात्र बिना मूल दस्तावेजों के कॉलेज पहुंच रहे हैं, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस स्थिति को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों से अपील की है कि वे नामांकन से पहले विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध दिशा-निर्देश और दस्तावेजों की सूची को ध्यान से पढ़ें।

जारी निर्देशों के अनुसार, छात्रों को मैट्रिक और इंटर के मूल अंकपत्र एवं प्रमाणपत्र, एसएलसी या सीएलसी (जहां लागू हो), माइग्रेशन सर्टिफिकेट, जाति, आय, निवास और दिव्यांग प्रमाणपत्र (यदि लागू हो), आधार कार्ड, APAAR कार्ड, ABC कार्ड और चार नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य है। साथ ही सभी दस्तावेजों की स्वप्रमाणित प्रतियां भी जमा करनी होंगी।

विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि दस्तावेज सत्यापन की अंतिम तिथि 29 जून निर्धारित की गई है। इसके बाद सत्यापन पूरा होने पर छात्रों को फीस लॉक करने का विकल्प मिलेगा, और 30 जून तक ऑनलाइन शुल्क जमा करना होगा। छात्र कल्याण विभाग ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय सीमा का पालन नहीं करने वाले अभ्यर्थियों की नामांकन दावेदारी स्वतः समाप्त हो जाएगी। इसलिए सभी छात्रों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते प्रक्रिया पूरी कर लें ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Next Story