
Bihar बिहार : गया जिले में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की पोती की उसके पति ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। मृतका की पहचान गया जिले के टेटुआ गांव की रहने वाली सुषमा देवी के रूप में हुई है। सुषमा के पति रमेश पेशे से ड्राइवर हैं। मंगलवार देर रात घर पहुंचे तो कमरे में एक युवक को देखकर भड़क गए। उन्होंने पति पर अवैध संबंध का आरोप लगाया और झगड़ा शुरू कर दिया। सुषमा ने अपने पति रमेश को शांत करने की कोशिश की, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। कुछ मिनट बाद रमेश ने देसी पिस्तौल से सुषमा को गोली मार दी। गोली लगने से वह घायल हो गई और बेहोश हो गई।
उसे तुरंत गया के एक अस्पताल ले जाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने सुषमा को मृत घोषित कर दिया। इस बीच रमेश ने पिस्तौल कमरे में फेंक दी और मौके से फरार हो गया। सुषमा की बहन पूनम ने पुलिस को बताया, "मैं और मेरी बहन के बच्चे अलग कमरे में थे। पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। झगड़े के दौरान रमेश ने पिस्तौल निकाली और मेरी बहन को गोली मार दी।" पूनम ने बताया, "गोली की आवाज सुनकर मैं सुषमा के कमरे में पहुंची। मेरी बहन खून से लथपथ पड़ी थी। गोली लगने से उसकी मौत हो गई।" गया के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) आनंद कुमार ने बताया कि घटना के बाद फरार पति रमेश की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है। घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्तौल बरामद कर ली गई है। सूत्रों ने बताया कि सुषमा और रमेश अलग-अलग जातियों के हैं और करीब 14 साल पहले उनकी शादी हुई थी।





