बिहार

अवैध शराब और हथियारों का जखीरा जब्त

Saba Naaz
4 July 2026 6:15 PM IST
अवैध शराब और हथियारों का जखीरा जब्त
x

Bihar: कैमूर जिले में पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ बड़ा विशेष अभियान चलाते हुए 32 लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई हत्या के प्रयास, शराब तस्करी, अपहरण और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामलों में की गई है। पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में हथियार, कारतूस और शराब भी बरामद की गई है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, इस अभियान में कुल 32 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 11 वारंटी भी शामिल हैं। इसके अलावा हत्या के प्रयास के मामले में 10 आरोपी, शराब सेवन के मामले में 7 व्यक्ति, शराब से जुड़े अन्य मामलों में 2 आरोपी, अपहरण का 1 आरोपी और आर्म्स एक्ट के तहत 1 आरोपी को पकड़ा गया है।

अभियान के दौरान पुलिस ने 30 लीटर महुआ शराब, 26.10 लीटर देसी शराब और 4.125 लीटर विदेशी शराब बरामद की। इसके साथ ही एक पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और एक साइकिल भी जब्त की गई है। सभी बरामद सामान को पुलिस ने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस विशेष अभियान के साथ ही जिले में वाहन जांच अभियान भी चलाया गया। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले आठ वाहनों से कुल 9 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सड़क पर नियमों का पालन करें ताकि दुर्घटनाओं और कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। उनका कहना है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या अपराध को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है और इसे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम बताया है।

Next Story