
Bihar: छपरा सदर अस्पताल परिसर में एक नवजात का शव मिलने से सोमवार को सनसनी फैल गई। यह शव एक्स-रे विभाग के पास पड़ा मिला, जिसके बाद अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि शव रविवार रात से ही परिसर में पड़ा था, लेकिन सोमवार सुबह करीब 10 बजे तक किसी की नजर उस पर नहीं पड़ी।
जानकारी के अनुसार, जब सुबह एक्स-रे विभाग में मरीजों की भीड़ बढ़ी, तब एक मरीज ने नवजात के शव को देखा और इसकी सूचना अस्पताल प्रबंधन को दी। इसके बाद कर्मियों ने तुरंत शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था, सफाई व्यवस्था और निगरानी तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि इतने बड़े अस्पताल परिसर में रातभर शव पड़ा रहना और किसी भी कर्मचारी या सुरक्षा गार्ड की नजर न पड़ना गंभीर लापरवाही है।
हालांकि सीसीटीवी फुटेज की जांच में एक चौंकाने वाला दावा सामने आया है। सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. केएम दुबे के अनुसार, फुटेज में एक आवारा कुत्ता नवजात के शव को मुंह में दबाकर परिसर के अंदर लाते हुए दिखाई दिया है। इसके बाद यह सवाल और गहरा गया है कि शव आखिर आया कहां से और अस्पताल तक कैसे पहुंचा।
अस्पताल प्रशासन रविवार को जन्मे सभी बच्चों के रिकॉर्ड की जांच कर रहा है, लेकिन अभी तक अस्पताल के अंदर किसी मृत नवजात का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला है। इससे यह संभावना जताई जा रही है कि शव बाहर कहीं से कचरे के ढेर से कुत्ता उठाकर लाया होगा।
घटना की सूचना मिलते ही भगवान बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मेडिकल बोर्ड गठित कर पोस्टमार्टम कराया गया।
फिलहाल पुलिस और अस्पताल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं ताकि यह स्पष्ट हो सके कि नवजात का शव आखिर कहां से आया और इस पूरी घटना के पीछे क्या सच्चाई है





