बिहार

आज दक्षिण बिहार के सात जिलों में हीट वेव का अलर्ट, बगहा में तेज बारिश के साथ गिरे ओले, इन जिलों में बारिश के आसार

Renuka Sahu
14 April 2022 4:27 AM GMT
आज दक्षिण बिहार के सात जिलों में हीट वेव का अलर्ट, बगहा में तेज बारिश के साथ गिरे ओले,  इन जिलों में बारिश के आसार
x

फाइल फोटो 

बिहार के मौसम विभाग ने गुरुवार को दक्षिण बिहार के सात जिलों के लिये अलर्ट जारी किया है जिनमें बक्सर, रोहतास, गया, नवादा, जमुई, कैमूर, औरंगाबाद में हीट वेव की स्थिति रहेगी।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। बिहार के मौसम विभाग ने गुरुवार को दक्षिण बिहार के सात जिलों के लिये अलर्ट जारी किया है जिनमें बक्सर, रोहतास, गया, नवादा, जमुई, कैमूर, औरंगाबाद में हीट वेव की स्थिति रहेगी। इन जिले के लोगों को मौसम विभाग की ओर से अलर्ट जारी कर सतर्कता बरतने की अपील की गई है। वहीं राज्य के उत्तरी भाग में मौसम सामान्य बना हुआ है। इस ओर पूरवा हवा का प्रभाव बना हुआ है। बंगाल की खाड़ी से नमी लेकर हवाएं लगातार प्रवाहित हो रही हैं।

मौसम विभाग ने किशनगंज में बुधवार की रात और गुरुवार की दोपहर में आंशिक बारिश की स्थिति का पूर्वानुमान किया है। कुछ जगहों पर गरज तड़क की स्थिति भी देखी जा सकती है। वहीं 16 अप्रैल को उत्तर बिहार में कई जगहों पर बारिश पूर्वानुमान है। इन जिलों में पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज में बारिश के आसार हैं।
बक्सर में पारा 43 डिग्री पर पहुंचा
दो दिन तक मौसम में नरमी के बाद दक्षिण बिहार के छह-सात जिलों में फिर से गर्मी तेजी से बढ़ी और लू जैसी स्थिति हो गई है। दो से तीन डिग्री तक तापमान में बढ़ोतरी के बाद पछ़ुआ का प्रवाह फिर से स्थापित होने से बक्सर में पारा 43 डिग्री पर पहुंच गया। बुधवार को राज्य में बक्सर सबसे गर्म रहा। यहां हीट वेव की स्थिति रही। गया में 40.7 डिग्री, जमुई में 40.4 डिग्री, औरंगाबाद में 41.8 डिग्री, बांका में 40.7 डिग्री और नवादा में 40.7 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। इन जिलों में बुधवार को लू की स्थिति रही। पटना, रोहतास और भभुआ में भी अधिकतम तापमान बढ़ने और पछुआ का प्रभाव बनने से लू जैसी स्थिति रही। बुधवार को डेढ़ डिग्री की बढ़ोतरी के साथ पटना में 37.8 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
बगहा में बारिश के साथ गिरे ओले
बेतिया जिले के बगहा दो प्रखंड के कुछ हिस्सों में गुरुवार की सुबह आसमान से माध्यम आकार के ओले गिरे। वैसे तो सुबह में नगर समेत ग्रामीण क्षेत्रों के मौसम में अचानक बदलाव हो गया। तेज हवाएं चलने लगी, आकाश में बादल छा गए। लेकिन कुछ समय में ठीक हो गए। बगहा दो के सिरिसिया, भारछी, हरणाताड और आसपास के क्षेत्रों में माध्यम आकार के ओले भी गिरने लगे। इससे फसल को नुकसान पहुंचा है।
Next Story