
Bihar: नवादा जिले के अकबरपुर अंचल के राजा देवर गांव में नाली निर्माण को लेकर हुए विवाद ने सोमवार को खूनी रूप ले लिया. मामूली कहासुनी और लंबे समय से चल रहे पारिवारिक तनाव के बीच सगे भाई ने अपने ही भाई की हत्या कर दी. इस घटना से पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है.
लंबे समय से चल रहा था नाली और पानी निकासी का विवाद
नेमदारगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत राजा देवर गांव में दोनों भाइयों के बीच घर के सामने नाली निर्माण और गंदे पानी की निकासी को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था. ग्रामीणों के अनुसार, इस मुद्दे पर पहले भी कई बार पंचायत हो चुकी थी, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया.
बहस से शुरू हुआ विवाद बना हिंसक झगड़ा
सोमवार को भी इसी पुराने विवाद को लेकर दोनों पक्षों में तीखी बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि दोनों परिवारों के बीच लाठी-डंडे चलने लगे. इसी दौरान बड़े भाई ने गुस्से में आकर अपने छोटे भाई पर धारदार हथियार और डंडे से हमला कर दिया.
गंभीर चोट लगने से हुई मौत
हमले में युवक के सिर और छाती पर गंभीर चोटें आईं. परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
पुलिस ने आरोपी को मौके से किया गिरफ्तार
घटना की जानकारी मिलते ही नेमदारगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सुधीर ठाकुर को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया.
जांच में सामने आया पुराना विवाद
पुलिस के अनुसार दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से पारिवारिक और नाली विवाद को लेकर तनाव था. कई बार पंचायत भी हुई थी, लेकिन समाधान नहीं निकल सका. प्रारंभिक जांच में इसी रंजिश को हत्या का कारण माना जा रहा है.
गांव में मातम, प्रशासन से कार्रवाई की मांग
घटना के बाद पूरे राजा देवर गांव में मातमी सन्नाटा छा गया है. ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पारिवारिक और भूमि विवादों के त्वरित निपटारे के लिए सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों.





