बिहार

तीर्थ पर जा रहे गुप्ता खाई में गिरी पिकअप वैन, चार की मौत 26 घायल

Tara Tandi
13 March 2024 2:22 PM GMT
तीर्थ पर जा रहे  गुप्ता खाई में गिरी पिकअप वैन, चार की मौत 26 घायल
x
बिहार :रोहतास में भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। वहीं 26 लोगों की हालत गंभीर है। घायलों का इलाज चल रहा है। घटना चेनारी थाना अंतर्गत गायघाट के समीप पास की है। बुधवार सुबह पिकअप वैन पर सवार 30 लोग तीर्थ पर गुप्ता धाम जा रहे थे। सभी लोग आपस में रिश्तेदार हैं। बच्चे का मुंडन संस्कार कराने के लिए गुप्ता धाम जा रहे थे। लोड अधिक होने के कारण गायघाट के पास पिकअप अनियंत्रित हो गई और पलटकर 140 फीट नीचे खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 26 लोगों की हालत गंभीर है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। इधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। सासाराम एसडीएम ने चार लोगों की मौत की पुष्टि की है।
भोजपुर से गुप्ता धाम जा रहे थे सभी
वन विभाग के रेंजर अभय कुमार ने बताया कि भोजपुर जिले के शाहपुर थानाक्षेत्र के विश्वपूरा गांव से 30 लोगों का एक जत्था मंगलवार की शाम गुप्ता धाम दर्शन के लिए पहुंचा था। शाम होने के कारण उन्हें रोक लिया गया था। बुधवार की सुबह 6:00 बजे के बाद उन्हें गुप्ता धाम दर्शन के लिए रवाना किया गया। हादसा के बाद पिकअप वैन लगभग 140 फीट गहरी खाई में गिर गई। इसमें चार लोगों की मौत की बात सामने आ रही है। घायलों में भोजपुर जिले के शाहपुर थानाक्षेत्र के विश्वपूरा गांव के रहने वाले 04 वर्षीय रितेश गौड़ के पुत्र पवन गौड़, विजय कुमार की पत्नी कंचन देवी,संतोष गौड़ के पुत्र रंजन कुमार और रामदेव गौड़ का पुत्र दरोगा गौड़ शामिल हैं। अन्य की पहचान की जा रही है।
मरने वालों की पहचान
भोजपुर जिले के शाहपुर निवासी चंद्रमा गौड़ की पत्नी चंद्रवती देवी
भोजपुर जिले के बिहियां निवासी माधव गौड़ की पत्नी तेतरा देवी
बक्सर जिले के कृष्णा ब्रह्म इलाका निवासी स्व. चंद्रिका गौड़ की पत्नी परमेशवरा देवी
बक्सर जिले के डुमरावं निवासी शिवनारायण गौड़ की पत्नी मीरा देवी
चार पहिया वाहन के परिचालन पर रोक है
घटना के बाद स्थानीय ने सवाल उठाया कि वन विभाग द्वारा चार पहिया वाहन से गुप्ता धाम तीर्थ स्थान जाने पर रोक लगाई दी गई थी। लेकिन कुछ दिन पूर्व ही चार पहिया वाहनों के प्रवेश की अनुमति वन विभाग के द्वारा दी गई है। जब इसके पूर्व में भी गायघाट के समीप कई दुर्घटनाएंहुई है लेकिन वन विभाग द्वारा चार परिवार वाहनों की अनुमति देना एक बड़ी लापरवाही सामने आ रही है। फिलहाल मौके पर रोहतास पुलिस और प्रशासन की टीम के साथ वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मी बचाव कार्य में जुटे हुए हैं और लापता लोगों की खोजबीन की जा रही है।
Next Story