
क्राइम न्यूज़: फुलवड़िया थाना क्षेत्र के निपनिया-मधुरापुर गुप्ता बांध शिवाला के समीप शुक्रवार को दो गुटों के बीच जमकर मारपीट तथा ताबड़तोड़ गोलीबारी में निपनिया निवासी गिरीश पोद्दार की पुत्री निशा कुमारी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गई। निशा को इलाज के लिए एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया जहां हालत नाजुक बनी हुई है। घटना को लेकर तनाव और दहशत का माहौल है, निपनिया एवं मधुरापुर के दोनों पक्षों के बीच तनावपूर्ण स्थिति बनी है। फुलवड़िया थाना एवं तेघड़ा सहित अन्य कई थाने की पुलिस घटनास्थल पर कैम्प कर रही है। तेघड़ा डीएसपी ओमप्रकाश ने बताया कि गोली लगने से बच्ची घायल हुई है। तमाम पहलुओं पर गहन छानबीन तथा अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा छापेमारी चल रही है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि शराब कारोबार प्रकरण को लेकर कई दिनों से दो पक्षों में तनाव चल रही थी, इसी को लेकर शुक्रवार को पहले दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इसके देखते ही देखते मामला गांवबाद में बदल गया तथा दोनों पक्षों की ओर से गोलियों की बौछार होने लगी।
उसी दौरान एक गोली अपने घर के बरामदे पर बैठकर पढ़ रही निशा को लग गई। जिसके बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई तथा लोगों ने निशा को इलाज के लिए भर्ती कराया। कुछ लोगों का कहना है कि निपनिया मधुरापुर के निपनिया गुप्ता बांध के मधुरापुर स्थित शहीद गिरीश सूरज द्वार में लगे पूर्व सांसद सूरज नारायण सिंह की तस्वीर को किसी शरारती तत्व ने पत्थर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया था। जिसको लेकर लोगों में आक्रोश था, इसको लेकर ग्रामीणों की बैठक आयोजित की गई थी। कुछ शरारती तत्वों ने सुनियोजित तरीके से क्षेत्र में दहशत फैलाने को लेकर घटना को अंजाम दिया है।





