बिहार

गिरिराज सिंह बोले: बिहार में मोदी-नीतीश की डबल इंजन सरकार ही विकास की गारंटी

SHIDDHANT
3 Nov 2025 7:52 PM IST
गिरिराज सिंह बोले: बिहार में मोदी-नीतीश की डबल इंजन सरकार ही विकास की गारंटी
x
विकास
Bihar बिहार: विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री गिरिराज सिंह ने रविवार को बेगूसराय में बड़ा बयान देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में चल रही डबल इंजन की सरकार ही बिहार को विकास की नई ऊँचाइयों पर ले जा सकती है। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता अब कभी भी “लालू राज” को वापस नहीं आने देगी। गिरिराज सिंह ने कहा, “पीएम मोदी और नीतीश कुमार ये दोनों डबल इंजन के हैं और बिहार के विकास के प्रतीक हैं। जनता इन्हें भूल नहीं सकती। पिछले दस सालों में बिहार ने जिस तरह से सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और उद्योग के क्षेत्र में प्रगति की है, वह इसी सरकार की दूरदर्शी नीतियों का परिणाम है।”
केंद्रीय मंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस और राजद के शासनकाल में बिहार अपराध, भ्रष्टाचार और पलायन का केंद्र बन गया था। उन्होंने कहा, “हम लालू राज को वापस नहीं आने देंगे। वह समय फिर नहीं लौटेगा जब बिहार के लोग अंधेरे में जीते थे, नौकरी के लिए पलायन करते थे, और अपराधियों का बोलबाला था। गिरिराज सिंह ने कहा कि भाजपा और जदयू ने अपने संकल्प पत्र में बिहार को “विकसित राज्य” बनाने का ठोस खाका पेश किया है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बिहार में औद्योगिक निवेश, कृषि आधुनिकीकरण और युवा रोजगार पर विशेष फोकस रहेगा।
उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य है कि बिहार आत्मनिर्भर बने। नई टेक्नोलॉजी और स्टार्टअप नीति से गांव-गांव तक रोजगार के अवसर पहुंचाए जाएं। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का अनुभव और दृष्टि मिलकर बिहार को नई दिशा दे रही है। केंद्रीय मंत्री ने विपक्ष पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि लालू प्रसाद यादव और उनके सहयोगियों ने सिर्फ परिवारवाद और तुष्टिकरण की राजनीति की है। उन्होंने कहा, “जिन लोगों ने बिहार को अंधकार में डाला, वे अब विकास की बातें कर रहे हैं। लेकिन जनता सब जानती है — अब बिहार विकास चाहता है, न कि जातिवाद और भ्रष्टाचार।”
सभा के दौरान गिरिराज सिंह ने भाजपा-जदयू गठबंधन की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला, हर घर जल, सड़क संपर्क और स्वास्थ्य मिशनों ने जनजीवन को बदला है। उन्होंने कहा, “हमने बिहार के हर वर्ग को साथ लेकर विकास किया है। अब लक्ष्य है कि बिहार को रोजगार और उद्योग के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाया जाए। आने वाले चुनावों में जनता फिर से मोदी-नीतीश की डबल इंजन सरकार पर भरोसा जताएगी।
Next Story