
गया जी, बिहार। गया जी जिले के बांकेबाजार में कथित अश्लील वीडियो वायरल मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले के मुख्य आरोपी मोहम्मद रेहान को विशेष जांच टीम (SIT) ने पटना से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उससे पूछताछ शुरू कर दी है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच भी तेज कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी रेहान घटना के बाद फरार चल रहा था और वह दिल्ली भागने की कोशिश में था। इसी दौरान पुलिस को उसकी लोकेशन की जानकारी मिली, जिसके आधार पर SIT ने उसे पटना में दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए गया जी पुलिस को सौंप दिया गया है।
यह मामला बांकेबाजार क्षेत्र में सामने आया था, जहां कथित तौर पर कुछ लड़कियों से जुड़े आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किए गए थे। मामले के सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर हड़कंप मच गया था और पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम का गठन किया गया था।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि वीडियो कैसे वायरल किए गए और इसके पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या इसमें कोई संगठित नेटवर्क सक्रिय है।
पुलिस का कहना है कि डिजिटल सबूतों को भी खंगाला जा रहा है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। इस गिरफ्तारी को जांच में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।





