
x
Muzaffarpur मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर में सरकारी सेवा में संचालित 102 नंबर की एंबुलेंस का इस्तेमाल गांजा और हथियार की तस्करी में किया गया। पुलिस ने मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक के पास खड़ी एक 102 एंबुलेंस से 200 ग्राम गांजा और एक देसी कट्टा बरामद करते हुए एंबुलेंस चालक और एक टेक्नीशियन को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई 17 अगस्त की देर रात की है। मेडिकल कॉलेज परिसर स्थित ओपी के पदाधिकारी को सूचना मिली थी कि सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक के पास खड़ी एक एंबुलेंस में गांजा और देसी कट्टा रखा हुआ है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित एंबुलेंस की घेराबंदी की और उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान एंबुलेंस से करीब 200 ग्राम गांजा और एक देसी कट्टा बरामद किया गया।
पुलिस ने मौके से एंबुलेंस चालक और उसके साथ मौजूद एक टेक्नीशियन को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरबजीत कुमार और मनोहर कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद गांजा और देसी कट्टा जब्त कर लिया है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि एंबुलेंस में इस तरह हथियार और गांजा लेकर परिचालन करना बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि जानकारी के मुताबिक यह 102 एंबुलेंस बोंचांहा से मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक तक आई थी। पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच कर रही है।
गिरफ्तार सरबजीत कुमार तुर्की थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है, जबकि मनोहर कुमार औराई थाना क्षेत्र का निवासी है। पुलिस दोनों के आपराधिक इतिहास को भी खंगाल रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि 200 ग्राम गांजा और देसी कट्टा एंबुलेंस में कब और कहां रखा गया था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या इस एंबुलेंस का इस्तेमाल पहले भी किसी अवैध गतिविधि के लिए किया गया था। पुलिस को उम्मीद है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर इस मामले से जुड़े दूसरे लोगों तक पहुंचा जा सकेगा।
Next Story





