बिहार

किशनगंज में चोर गिरोह का पर्दाफाश, सरगना समेत सात गिरफ्तार

Admindelhi1
23 Nov 2026 1:59 PM IST
किशनगंज में चोर गिरोह का पर्दाफाश, सरगना समेत सात गिरफ्तार
x
किशनगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चोरी का सामान बरामद

किशनगंज: शहर के खगड़ा माछमारा इलाके में बंद मकान से हुई चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए कथित सरगना शमशेर अंसारी उर्फ गोरकी समेत सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनमें चोरी का सामान खरीदने के आरोप में एक ज्वेलर्स दुकानदार भी शामिल है।

रविवार को एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 14 नवंबर की रात खगड़ा माछमारा निवासी शाहिद अफरीदी के करीब एक वर्ष से बंद मकान में चोरी हुई थी। इस दौरान सोने-चांदी के आभूषण, एलईडी टीवी, इन्वर्टर और बैटरी चोरी कर ली गई थी।

पीड़ित की शिकायत पर किशनगंज थाने में कांड संख्या 1248/26 दर्ज किया गया था। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) और 331(4) के तहत जांच शुरू की थी।

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से 21 नवंबर को शमशेर अंसारी उर्फ गोरकी को गिरफ्तार किया।

पूछताछ और जांच के आधार पर पुलिस ने मो. सज्जाद, अरमान अंसारी, छोटू अंसारी और शकील रहमान को भी गिरफ्तार किया। इसके अलावा चोरी का सामान खरीदने के आरोप में मनोज सोनार और मो. सुभान को पकड़ा गया।

पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर 78 ग्राम गली हुई चांदी और दो ग्राम गला हुआ सोना बरामद किया है। इसके अलावा मो. सुभान के घर से एक एलईडी टीवी, इन्वर्टर और बैटरी बरामद की गई। माछमारा के पास स्थित पुराने खंडहर से एक अन्य क्षतिग्रस्त टीवी भी मिला।

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपितों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। साथ ही अन्य चोरी की घटनाओं में उनकी संभावित संलिप्तता की जांच की जा रही है। इस कार्रवाई में किशनगंज थाना और जिला आसूचना इकाई के पुलिस अधिकारी एवं जवान शामिल रहे।

Next Story