बिहार

मुजफ्फरपुर परीक्षा केंद्र पर फर्जीवाड़े का खुलासा

Saba Naaz
28 Jun 2026 8:01 PM IST
मुजफ्फरपुर परीक्षा केंद्र पर फर्जीवाड़े का खुलासा
x

Bihar: मुजफ्फरपुर में सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान एक बड़ी साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया गया। चैपमैन राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय परीक्षा केंद्र पर खुद को बायोमेट्रिक कर्मी बताकर एक युवक के प्रवेश से हड़कंप मच गया। जांच के बाद उसे फर्जी कर्मी पाया गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।

जानकारी के अनुसार, रविवार को केंद्रीय चयन पर्षद द्वारा आयोजित सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान परीक्षा शुरू होने से पहले यह घटना सामने आई। आरोपी युवक परीक्षा केंद्र कोड-2110 पर पहुंचा और खुद को बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन टीम का सदस्य बताया। लेकिन जब आधिकारिक एजेंसी के जिला प्रमुख शुभम कुमार उर्फ शुभम शशि मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि वह व्यक्ति उनकी टीम का हिस्सा नहीं है।

इसके बाद पूरे मामले की सूचना केंद्राधीक्षक रेखा शर्मा को दी गई। गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल मिठनपुरा थाना पुलिस को बुलाया गया। थाना प्रभारी अजय कुमार मौके पर पहुंचे और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई। बाद में सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी और डीआईयू टीम को भी जानकारी दी गई। केंद्राधीक्षक ने इस मामले में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में कहा गया है कि एक अनधिकृत व्यक्ति का परीक्षा केंद्र में प्रवेश परीक्षा की गोपनीयता के लिए गंभीर खतरा था। समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो कदाचार या डिजिटल गड़बड़ी की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था।

पुलिस जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी किसी संगठित नकल गिरोह से जुड़ा है या नहीं। इसके अलावा यह भी जांच हो रही है कि उसे परीक्षा केंद्र के भीतर कैसे प्रवेश मिला और इसमें किसी अंदरूनी व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और उसकी डिजिटल जांच की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि मोबाइल से कई अहम सुराग मिल सकते हैं।

फिलहाल डीआईयू और पुलिस संयुक्त रूप से पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि यह अकेले की हरकत थी या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है।

Next Story