
x
नालंदा में मानव तस्करी का खुलासा
बिहारशरीफ: बिहार के नालंदा जिले में युवती के अपहरण और जबरन शादी कराने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि युवती को शादी के लिए अगवा कर 50 हजार रुपये में बेच दिया गया था। लहेरी थाना क्षेत्र से लापता हुई 18 वर्षीय युवती को इस्लामपुर इलाके से सुरक्षित बरामद किया गया। जांच के दौरान कथित तौर पर सामने आया कि युवती को जबरन शादी कराने के लिए दूसरे लोगों के हवाले किया गया था।
बस स्टैंड से गायब हुई थी युवती
जानकारी के अनुसार, युवती अपनी मां के साथ बिहारशरीफ इलाज के लिए आई थी। इसी दौरान वह रामचंद्रपुर बस स्टैंड से लापता हो गई। परिजनों ने शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई शुरू की।
जबरन शादी कराने का आरोप
पुलिस जांच में आरोप है कि युवती को बाढ़ क्षेत्र ले जाकर शादी कराने की साजिश रची गई। इसके बाद उसे इस्लामपुर निवासी एक व्यक्ति को 50 हजार रुपये में सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि रकम को आरोपियों के बीच बांटा गया था।
चारों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में उषा देवी, सुधीर सिंह, बिरेन्द्र सिंह और दिलीप सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे नेटवर्क में और कितने लोग शामिल हैं।
मानव तस्करी एंगल की जांच
मामले में पुलिस मानव तस्करी के एंगल से भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Next Story





