बिहार

शादी में डांस के दौरान हुए विवाद में फायरिंग

HARRY
13 May 2023 4:55 PM GMT
शादी में डांस के दौरान हुए विवाद में फायरिंग
x
दो नाबालिग को लगी गोली, हालत नाजुक

बिहार के समस्तीपुर में शादी में डांस करने को लेकर ऐसा विवाद उठा कि गोली चल गई। दो नाबालिग लड़कों को गोली लग जाने के बाद अफरातफरी मच गई। शादी की सारी खुशियां घबराहट में बदल गईं। दरअसल, दलसिंहसराय थाना अंतर्गत नवादा में एनएच 28 के किनारे एक शादी समारोह में डांस करने के दौरान विवाद होने पर एक युवक ने गोली चला दी। जिससे दो किशोर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घायलों को अस्पताल ले जाया गया और आनन फानन में शादी की रस्में पूरी करके वर और कन्या पक्ष के लोग घर छोड़क फरार हो गए।

घटना के बाद दोनों घायलों को दलसिंहसराय से समस्तीपुर इलाज के लिए भेजा गया। प्राथमिक उपचार करके वहां से रेफर कर दिया गया। परिजन उन्हें बेगूसराय ले गए। शनिवार सुबह इस घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। हालांकि उसके पहले ही वर और वधु पक्ष के लोग आननफानन में शादी की रस्म पूरी कर फरार हो चुके थे। पुलिस उन्हें तलाश रही है।

इस मामले में इंस्पेक्टर ब्रजेश कुमार ने बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गयी है। मिली जानकारी के अनुसार, नवादा निवासी रामचंद्र राम की बेटी की शादी थी। शुक्रवार रात विभूतिपुर के टभका गांव से बारात आयी थी। बताया गया कि रात करीब एक बजे डांस करने के सवाल पर युवकों में विवाद हो गया। जिसके बाद वधु पक्ष के एक युवक ने गोली चला दी। जिससे शादी समारोह में शामिल नवादा के ही राजेश सहनी का 15 वर्षीय पुत्र अमन कुमार और विजय राम का 12 वर्षीय पुत्र अजीत कुमार जख्मी हो गया।

बताया गया है कि अमन के पंजरा में और अजीत के सीने के पास गोली लगी है। दोनों के जख्मी होते ही भगदड़ मच गई। परिजन जख्मी दोनों किशोरों को इलाज के लिए समस्तीपुर ले गए। जहां उनकी गंभीर हालत देख रेफर कर दिया गया। उसके बाद परिजन दोनों को बेगूसराय ले गए, जहां एक निजी अस्पताल में दोनों का इलाज चल रहा है। बताया गया है कि दोनों के शरीर से गोली निकाल दी गयी है। हालांकि हालत अब भी गंभीर है।

इधर गोली चलने की घटना के बाद आननफानन में सिंदूरदान की रस्म पूरी करने के बाद वर और वधु पक्ष के सभी लोग फरार हो गए। देर रात घटना होने के कारण स्थानीय सभी लोगों को भी रात में जानकारी नहीं हो पाई। पुलिस को भी सुबह आठ बजे के बाद जानकारी मिली, जिसके बाद इंस्पेक्टर ब्रजेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच में जुट गई।


Next Story