
Bihar बिहार : बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब तस्कर लगातार नए-नए तरीके अपनाकर कानून को चकमा दे रहे हैं। ताजा मामला शेखपुरा जिले से सामने आया है, जहां पुलिस ने पेट्रोल-डीजल टैंकर के जरिए की जा रही शराब की बड़ी खेप की तस्करी का खुलासा किया है।
इस दौरान पुलिस ने टैंकर को जब्त कर उसमें से 3852 लीटर विदेशी शराब बरामद की है, जिसकी कीमत करीब 30 लाख रुपये आंकी जा रही है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। शनिवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि NH-33A मार्ग से होकर शेखपुरा जिले के रास्ते एक पेट्रोल टैंक लॉरी में भारी मात्रा में शराब ले जाई जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए शेखपुरा एसपी बलिराम कुमार चौधरी ने एसडीपीओ राकेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया।
टीम ने चकंद्रा स्थित एक होटल के पास संदिग्ध टैंक लॉरी को रोका और तलाशी ली। जांच में टैंकर के भीतर बड़ी मात्रा में शराब बरामद हुई। टैंकर को जब्त कर चेवाड़ा थाना लाया गया, जहां उसकी गिनती की गई। पुलिस के अनुसार, टैंकर के भीतर खास तरीके से छिपाकर शराब के कार्टन रखे गए थे। गिनती में करीब चार घंटे का समय लगा और कुल 3852 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।





