बिहार

झुंड से बिछड़कर कुएं में गिरा, JCB से रास्ता बनाकर 4 घंटे में निकाला

Admin4
26 Jun 2022 11:03 AM GMT
झुंड से बिछड़कर कुएं में गिरा, JCB से रास्ता बनाकर 4 घंटे में निकाला
x

झारखंड के रामगढ़ में शनिवार देर रात एक जंगली हाथी कुएं में गिर गया। उसे निकालने के लिए रेस्क्यू टीम ने 4 घंटे तक मशक्कत की। पहले JCB की मदद से रास्ता बनाया गया। फिर पीछे से धक्के देकर हाथी को उसी रास्ते से बाहर निकाला गया। हाथी के कुएं में गिरने की खबर से आस-पास के हजारों लोग जमा हो गए थे। कई लोगों ने वीडियो भी बनाया जो अब सामने आया है।

घटना गोला थाना क्षेत्र के हुल्लू गांव की है। कुएं से निकलने के बाद हाथी संग्रामपुर जंगल की ओर चला गया।

दरअसल, 10 से 12 हाथियों का झुंड तांडील बीसा गांव की ओर से हुल्लू गांव की जा रहा था। पीछे-पीछे वन विभाग की टीम भी चल रही थी । इसी दौरान अचानक एक हाथी गांव के मक्के और भिंडी के खेत के बीच बने कुएं में गिर गया। वह जोर जोर से चिंघाड़ने लगा।

वन विभाग के कर्मचारियों को भी समझ आ गया कि हादसा हो गया है। उन्होंने देखा कि हाथियों के झुंड से एक हाथी गायब था। इसके बाद तलाश शुरू हो गई।

इसके बाद वन विभाग के अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई। हाथी को कुएं से निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू हुआ। वन कर्मियों ने रविवार की सुबह करीब छह बजे JCB मशीन मंगवाई। इसके बाद हाथी को निकालने का रास्ता बनाया गया। उस रास्ते की मदद से हाथी गड्‌ढ़े से बाहर आ गया। इसके बाद उसे आग की लपटों से डराकर वापस जंगल में भेजा गया। कुएं में गिरने के कारण हाथी को कई जगह चोट भी लगी है।

Next Story