बिहार

बिहार के कई जिलों में बाढ़ की आशंका, जल संसाधन विभाग ने जारी किया हाई अलर्ट

Shantanu Roy
7 Oct 2022 11:29 AM GMT
बिहार के कई जिलों में बाढ़ की आशंका, जल संसाधन विभाग ने जारी किया हाई अलर्ट
x
बड़ी खबर
गोपालगंज। बिहार में एक बार फिर बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। नेपाल में हो रही लगातार बारिश से गंडक नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। गोपालगंज जिले के छह प्रखंडों के 43 गांवों में बाढ़ आने की संभावना बनी हुई है।बताया जा रहा है कि गंडक नदी में उफान से पश्चिमी चंपारण, सारण और गोपालगंज के निचले क्षेत्रों में पानी का जलस्तर बढ़ सकता है। इसे देखते हुए जिले के डीएम डॉ. नवल किशोर चौधरी ने निचले इलाके में रहने वाले लोगों के लिए अलर्ट जारी किया है। साथ ही जल संसाधन विभाग और सभी प्रखंडों के सीओ को तटबंधों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
खतरे के निशान पर गंडक नदी
बाढ़ आने की आशंका से जिले के 43 गांव के लोग चिंता में है। बताया जा रहा है कि पिछले 24 घंटे में बाल्मीकिनगर बराज में 30 हजार क्यूसेक से पानी बढ़ा है, जो शुक्रवार शाम तक 3.69 लाख क्यूसेक पहुंच सकता है। इसके अतिरिक्त जलस्तर बढ़ने से पानी शुक्रवार की दोपहर तक जिले में पहुंच सकता है। बता दें कि गुरुवार की रात पतहरा में गंडक नदी खतरे के निशान से एक मीटर ऊपर पहुंची थी, जो शुक्रवार को बढ़कर एक मीटर से भी ऊपर हो सकती है।
जल संसाधन विभाग ने जारी किया हाई अलर्ट
वहीं नेपाल में हो रही लगातार बारिश को लेकर जल संसाधन विभाग ने हाई अलर्ट जारी किया है। इस दौरान इंजीनियरों को तटबंधों पर तैनात रहने के निर्देश दिए गए हैं। बढ़ रहे जलस्तर से निचले इलाकों के 43 गांवों पर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। इसलिए कुचायकोट, सदर, मांझा, बरौली, सिधवलिया व बैकुंठपुर प्रखंड में भी प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही जल संसाधन विभाग लगातार नदी के मिजाज का पलपल आंकलन कर रहा है, ताकि पानी की गति का पत्ता लग सके। बढ़ रहे जलस्तर से दियारा इलाके में लोग अपने सामानों को सुरक्षित करने में जुट गए हैं। लोगों का कहना है कि वह निश्चिंत हो गए थे कि इस वर्ष बाढ़ से निजात मिली, लेकिन लौटते मॉनसून से उनकी नींद हराम हो गई है।
Next Story