बिहार

पति-पत्नी के बीच विवाद को सुलझाने गए पिता पर लाठी से हमला, हुई मौत

Rani Sahu
1 Aug 2023 1:19 PM GMT
पति-पत्नी के बीच विवाद को सुलझाने गए पिता पर लाठी से हमला, हुई मौत
x
चंपारण : बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के मधुबन थाना क्षेत्र के सुब्बा सिंह गांव में पति-पत्नी के बीच विवाद को सुलझाने गए पिता पर लाठी से हमला कर बेटे ने हत्या कर दी। इस घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल आरोपित बेटे और बहू को हिरासत में लिया है। इसके बाद अब दोनों से पूछताछ की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, मधुबन टोला सुब्बा सिंह गांव निवासी राम अयोध्या सिंह (55 वर्ष) के इकलौते बेटे और बहू आपस में लड़ रहे थे। तभी बेटे विक्की सिंह और उनकी पत्नी वीणा देवी के बीच मामूली विवाद को लेकर झगड़ा होने लगा। पति-पत्नी के बीच विवाद लगातार बढ़ रहा था। बेटे-बहू के बीच कलह बढ़ता देख राम अयोध्या सिंह दोनों का झगड़ा समाप्त कराने के लिए गए।
वहीं, इसी बीच बेटे ने डंडे से पिता के सिर पर प्रहार कर दिया। सिर में गहरी चोट लगने के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेजा है। थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार पासवान ने बताया कि मामले में बेटे और बहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। विक्की अपने माता-पिता की इकलौती संतान है। राम अयोध्या की पत्नी अभी जीवित हैं। घटना के बाद उनका रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की बाबत पुलिस को अभी आवेदन नहीं मिला है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Next Story