बिहार

किसान की गोली मारकर हत्या, इलाके में मचा हड़कंप

Shantanu Roy
27 Jun 2022 4:06 PM GMT
किसान की गोली मारकर हत्या, इलाके में मचा हड़कंप
x
बड़ी खबर

भोजपुर। जिले के चांदी थाना क्षेत्र के जोगता गांव में सोमवार की दोपहर मोटर जलने के विवाद को लेकर एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक किसान को गोली काफी नजदीक से सीने के बीचो-बीच मारी गई है। जिसके कारण उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना को लेकर गांव एवं आसपास के इलाके में सनसनी मच गई है। वहीं घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने आरोपी युवक को खदेड़ कर धर दबोचा।

वहीं, घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना घटनास्थल पर पहुंची। जिसके बाद ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस ने आरोपी लालू यादव युवक को गिरफ्तार कर लिया। इसके पश्चात पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया। मृतक चांदी थाना क्षेत्र के जोगता गांव निवासी स्व.रामखुशी सिंह के पुत्र गंगा दयाल सिंह हैं एवं वह पेशे से किसान था।
इधर मृतक के चचेरे भाई मनोज कुमार सिंह ने बताया कि रविवार को उसने अपने खेत में धान का बिचड़ा छिटा था। जिसको लेकर गांव के ही लल्लू यादव के मोटर से अपना खेत पटा रहा था। उसी दरमियान उसकी मोटर अचानक जल गई। जिसके बाद लल्लू यादव कहने लगा कि मुझे मोटर जलने का खर्च भी चाहिए। तभी उसके भाई गंगा दयाल सिंह ने बोला कि मैंने अपना खेत पटवाया है मैं बस उसी का खर्चा दूंगा मैं मोटर जलने का खर्च नहीं दूंगा।
इसी बात को लेकर रविवार को उनके बीच कहासुनी हुई थी। हालांकि बात खत्म हो गई थी। आज दोपहर उसी विवाद को लेकर एक बार फिर दोनों पक्षों के बीच तू-तू मैं-मैं हुई। इसी बीच लल्लू यादव बंदूक लेकर आया और उसे सीने में काफी नजदीक से गोली मार दी। जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है। घटी इस घटना के बाद मृतक के परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था।
Next Story