
Bihar: सारण जिले के पानापुर थाना क्षेत्र के भोरहा गांव से एक दिलचस्प प्रेम कहानी सामने आई, जो अचानक हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद शादी में बदल गई। यहां अपनी प्रेमिका से मिलने पहुंचे एक युवक को युवती के परिजनों ने पकड़ लिया, जिसके बाद पूरे गांव में हंगामा मच गया।
जानकारी के अनुसार, मशरक थाना क्षेत्र के एक गांव का युवक अपनी बहन की शादी के चलते अक्सर पानापुर के कोंध भगवानपुर गांव आता-जाता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात पड़ोस के भोरहा गांव की एक युवती से हुई। दोनों के बीच धीरे-धीरे बातचीत शुरू हुई और यह संबंध प्रेम में बदल गया। लंबे समय से दोनों एक-दूसरे के संपर्क में थे।
मंगलवार की रात युवक अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा, लेकिन परिजनों ने उसे देख लिया और पकड़कर घर में बैठा लिया। इस घटना की खबर पूरे इलाके में फैल गई और मौके पर भीड़ जुटने लगी। रातभर मामले को लेकर चर्चा और तनाव का माहौल बना रहा।
बुधवार सुबह युवक की मां भी भोरहा गांव पहुंची और दोनों परिवारों के बीच बातचीत शुरू हुई। शुरुआत में युवती के परिजन इस रिश्ते के खिलाफ थे, लेकिन लड़का और लड़की दोनों शादी पर अड़े रहे। इसी दौरान पूर्व मुखिया सभापति राय ने पहल करते हुए दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की।
काफी देर तक चली पंचायत और बातचीत के बाद दोनों परिवार शादी के लिए राजी हो गए। इसके बाद तय हुआ कि दोनों की शादी गांव में ही कराई जाएगी।
दोनों को भोरहा स्थित शिव मंदिर ले जाया गया, जहां भगवान को साक्षी मानकर प्रेमी युगल ने सात फेरे लिए और एक-दूसरे के साथ जीवनभर साथ निभाने का वचन दिया। बिना बैंड-बाजे और पारंपरिक तामझाम के हुई इस शादी को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर पहुंच गए।
शादी के बाद गांव में माहौल शांत हुआ और लोगों ने नवदंपति को आशीर्वाद दिया। ग्रामीणों ने उनके सुखद और सफल वैवाहिक जीवन की कामना की।





