
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता एवं बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष सम्राट चौधरी ने आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सिद्धांत विहीन राजनीति के कारण आज बिहार देश स्तर पर बदनाम हुआ है। चौधरी ने रविवार को यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मुख्यमंत्री कुमार पिछले 32 सालों से स्वार्थ की राजनीति कर रहे है और वह आठ बार राजनीतिक चोला बदल चुके हैं।
उन्होंने कहा कि कुमार के स्वार्थ की राजनीति के कारण बिहार को अब पलटू राम के तौर पर जाना जायेगा। भाजपा नेता ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को चुनौती देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कुमार अपने गृह जिला नालंदा की धरती से चुनाव लड़े तो उनकी जमानत जब्त हो जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व मे भारत आज विश्वगुरू बनने की ओर अग्रसर है। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश महासचिव सुशील कुमार चौधरी, भाजपा विधायक बीरेंद्र कुमार पासवान, भाजपा विधान पार्षद तरुण कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा एवं भाजपा राष्ट्रीय परिषद् के सदस्य रामसुमरन सिंह समेत अन्य नेता उपस्थित थे।