
Bihar: मुजफ्फरपुर जिले के बंदरा प्रखंड में बिजली तार चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। हत्था थाना क्षेत्र के सकरीमन गांव में शनिवार देर रात अज्ञात चोरों ने 126 पोल पर लगे हाई वोल्टेज और लो वोल्टेज बिजली तार काटकर चुरा लिए। इस घटना से इलाके में कृषि कार्य पूरी तरह प्रभावित हो गया है और किसानों की सिंचाई व्यवस्था ठप पड़ गई है। वहीं बिजली विभाग को करीब 9 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।
यह चोरी सकरीमन गांव के जीरात चौड़ और सकरी अस्पताल के पास दो अलग-अलग स्थानों पर हुई। रविवार सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर पहुंचे तो कई पोल से तार गायब मिले। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना बिजली विभाग को दी। सूचना मिलने पर विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में बिजली तार चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। स्थानीय किसानों जैसे कौशल किशोर ठाकुर, सुजीत कुमार, अनिल सहनी और राजेश मंडल ने बताया कि पिछले एक साल में चार से पांच बार ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। इससे पहले केवटसा पेट्रोल पंप के पास, सकरी-चांदपुरा सीमा और मुन्नी चौड़ क्षेत्र में भी बिजली तार चोरी हो चुकी है।
किसानों ने बताया कि बिजली तार चोरी होने से सिंचाई व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है, जिससे खेती का काम बाधित हो रहा है और फसल उत्पादन पर भी असर पड़ने की आशंका है। ग्रामीणों ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार घटनाएं होने के बावजूद बिजली विभाग और स्थानीय प्रशासन की ओर से ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। उनका कहना है कि विभाग केवल औपचारिकता निभाता है, लेकिन चोरी के बाद क्षतिग्रस्त लाइनों की मरम्मत और नई लाइन लगाने में देरी की जाती है। इससे चोरों का मनोबल बढ़ रहा है और वे लगातार घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।
बंदरा के कनीय विद्युत अभियंता अभिषेक रंजन ने बताया कि मुन्नी बैंगरी पंचायत के सकरीमन गांव के जीरात चौड़ में कृषि कार्य के लिए लगाए गए बिजली तार काटकर चोरी कर लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि इस मामले में हत्था थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है और प्रारंभिक आकलन के अनुसार विभाग को लगभग 9 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। हत्था थाना प्रभारी लोकेश कुमार चौधरी ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अज्ञात चोरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के लिए कार्रवाई कर रही है। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और किसान जल्द से जल्द बिजली व्यवस्था बहाल करने की मांग कर रहे हैं, ताकि कृषि कार्य प्रभावित न हो।





