बिहार

भागलपुर में एसआईआर को लेकर चुनाव आयोग के विशेष प्रेक्षक की हुई बैठक, डीएम ने दी जानकारी

SHIDDHANT
30 Aug 2025 9:33 PM IST
भागलपुर में एसआईआर को लेकर चुनाव आयोग के विशेष प्रेक्षक की हुई बैठक, डीएम ने दी जानकारी
x
BHAGALPUR भागलपुर। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची को दुरुस्त करने की कवायद जारी है। इसी क्रम में भागलपुर के समीक्षा भवन में भारत निर्वाचन आयोग के विशेष प्रेक्षक भारत खेड़ा की अध्यक्षता में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) 2025 को लेकर राजनीतिक दलों के जिला प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बताया कि जिले के सात विधानसभा क्षेत्रों में मतदान केंद्रों की संख्या बढ़ाई गई है। पहले 2263 मतदान केंद्र थे, अब 415 नए केंद्र जोड़कर कुल संख्या 2678 हो गई है। भागलपुर में वर्तमान में 21 लाख 58 हजार 317 मतदाता दर्ज हैं, जिनमें 11 लाख 12 हजार 155 पुरुष, 10 लाख 46 हजार 58 महिला और 104 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।
जिले का जेंडर रेशियो 947 और ईपी रेशियो 0.56 है। प्रारूप प्रकाशन से पहले मतदाताओं की संख्या 24 लाख 414 थी, जो घटकर 21 लाख 55 हजार 802 हो गई।अब तक प्रपत्र 6 के 20,544, प्रपत्र 7 के 8,705 और प्रपत्र 8 के 20,172 आवेदन मिले हैं। प्रेक्षक खेड़ा ने कहा कि विशेष पुनरीक्षण का उद्देश्य है कि कोई योग्य मतदाता छूटे नहीं और कोई गलत नाम सूची में न रहे। दावा-आपत्ति दर्ज करने की अंतिम तिथि 1 सितंबर है, जबकि 25 सितंबर तक ईआरओ सत्यापन करेंगे। अंतिम मतदाता सूची 30 सितंबर 2025 को प्रकाशित होगी।निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि 31 अगस्त को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक सभी मतदान केंद्रों पर शिविर आयोजित होंगे। इसमें बीएलओ उपस्थित रहकर प्रपत्र 6, 7 और 8 लेंगे। उन्होंने कहा कि जिनकी उम्र 17 वर्ष 3 माह हो चुकी है, वे भी प्रपत्र 6 भर सकते हैं, बशर्ते आवश्यक प्रमाण पत्र और घोषणा पत्र संलग्न करें।
Next Story