बिहार

जंतर-मंतर प्रदर्शन की गूंज पटना तक पहुंची, हंगामे के बाद पुलिस का एक्शन

Saba Naaz
22 July 2026 7:46 PM IST
जंतर-मंतर प्रदर्शन की गूंज पटना तक पहुंची, हंगामे के बाद पुलिस का एक्शन
x

पटना। दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और NEET पेपर लीक मामले के विरोध की आग बुधवार को बिहार की राजधानी पटना तक पहुंच गई। छात्रों के प्रदर्शन ने उस समय उग्र रूप ले लिया, जब लोकभवन मार्च के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जमकर टकराव हुआ। हालात काबू में करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज, वाटर कैनन और आंसू गैस के गोलों का इस्तेमाल करना पड़ा। इस दौरान पथराव में पुलिसकर्मी, छात्र और पत्रकारों के घायल होने की खबर सामने आई है।

प्रदर्शन का आयोजन आइसा समेत कई छात्र संगठनों की ओर से किया गया था। बड़ी संख्या में छात्र गांधी मैदान के पास एकत्रित हुए और वहां से लोकभवन की ओर मार्च शुरू किया। प्रदर्शनकारी NEET पेपर लीक मामले में सख्त कार्रवाई, दोषियों की गिरफ्तारी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे थे।

प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए गांधी मैदान गेट नंबर-12 के पास बैरिकेडिंग की थी। पुलिस ने छात्रों से शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने और प्रतिनिधिमंडल के माध्यम से अपनी मांग रखने की अपील की, लेकिन प्रदर्शनकारी आगे बढ़ने पर अड़े रहे। कुछ छात्रों ने बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश की, जिसके बाद स्थिति बिगड़ गई।

बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ रहे छात्रों को रोकने के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसके बाद डाकबंगला चौराहे और कोतवाली थाना क्षेत्र में दोनों पक्षों के बीच सीधी भिड़ंत हो गई। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पहले वाटर कैनन का प्रयोग किया और बाद में लाठीचार्ज किया।

लाठीचार्ज के बाद प्रदर्शनकारी और आक्रोशित हो गए। आरोप है कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस बल पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव में कई पुलिस अधिकारी और जवान घायल हुए। इसके अलावा प्रदर्शन को कवर कर रहे कुछ पत्रकारों को भी चोटें आईं। स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए पुलिस ने कई बार आंसू गैस के गोले छोड़े।

पथराव के दौरान कुछ सरकारी और पुलिस वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया। प्रदर्शनकारियों ने रास्ते में लगे कुछ होर्डिंग भी फाड़ दिए। बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस ने मुख्यमंत्री आवास और भाजपा प्रदेश कार्यालय की ओर जाने वाले रास्तों पर सुरक्षा बढ़ा दी। बिहार विधानमंडल और विधानसभा के मुख्य गेट भी एहतियात के तौर पर बंद कर दिए गए।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, झड़प में कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। वहीं प्रदर्शनकारी छात्रों और मौके पर मौजूद पत्रकारों को भी चोटें आईं। गांधी मैदान थाना प्रभारी के सिर में चोट लगने की जानकारी सामने आई है। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच करीब चार से पांच घंटे तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

प्रदर्शन के कारण पटना शहर के कई इलाकों में यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। डाकबंगला चौराहे के आसपास की कई दुकानें बंद हो गईं। प्रमुख सड़कों पर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर स्थिति पर नजर बनाए रखी।

छात्र संगठनों का कहना है कि NEET पेपर लीक जैसे मामलों से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उनका आरोप है कि सरकार इस मामले में पर्याप्त कार्रवाई नहीं कर रही है। वहीं पुलिस प्रशासन का कहना है कि प्रदर्शनकारियों को शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने की अनुमति थी, लेकिन कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने पर कार्रवाई करनी पड़ी।

देर शाम तक डाकबंगला चौराहा और आसपास के क्षेत्रों में तनाव बना रहा। प्रशासन लगातार हालात की निगरानी करता रहा और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखा गया। छात्र संगठन अपनी मांगों पर कायम हैं और आगे भी आंदोलन जारी रखने की बात कह रहे हैं।

Next Story