बिहार

East Champaran: ट्रैक्टर सुधार रहा था मैकेनिक, अज्ञात हमलावर ने गोली मार की हत्या

Admindelhi1
13 Jun 2025 2:39 PM IST
East Champaran: ट्रैक्टर सुधार रहा था मैकेनिक, अज्ञात हमलावर ने गोली मार की हत्या
x

पूर्वी चंपारण: जिले में मधुबन थाना क्षेत्र के बंजरिया गांव में अपराधियो ने गुरुवार की देर रात ट्रैक्टर मैकेनिक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान शिवहर जिला के डुमरी कटसरी गांव निवासी सुभान मिस्त्री के रूप में हुई है,जो मधुबन में ट्रैक्टर मैकेनिक का काम करते थे। सुभान गुरुवार की देर रात अपनी गैराज बंद कर मो. रेयाज नामक एक रिश्तेदार के साथ अपने घर लौट रहे थे।इसी दौरान शिवहर-मधुबन पथ पर बंजरिया गांव के समीप अपाची बाइक पर सवार अज्ञात बदमाशों ने सुभान पर गोलीबारी कर दी। जिसमे उन्हे तीन गोलियां लगीं।हालांकि उनका रिश्तेदार मो. रेयाज बाल-बाल बच गया। गोली लगने के बाद लोगों ने घायल सुभान को तुरंत मधुबन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। लेकिन सीएचसी में डॉक्टर मौजूद नही रहने के कारण सुभान को ससमय समुचित इलाज नही हो सका और उन्होने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची मधुबन थाना की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।वही घटना को लेकर पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने पकड़ी दयाल एएसपी मोहिबुल्ला अंसारी के नेतृत्व में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी टीम का गठन किया है। मिली जानकारी के अनुसार मृतक सुभान मिस्त्री वर्ष 2021 में पंचायत समिति सदस्य पद के लिए चुनाव लड़े थे।पुलिस घटना को चुनावी रंजिश से भी जोड़कर मामले की जांच कर रही है। मृतक के परिवार में उनकी पत्नी, दो पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। मधुबन थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि आस पास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है।जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी कर ली जायेगी।

Next Story