बिहार

नशे में धुत बदमाश ने बार बाला के डांस पर चलाई गोली, हालत नाजुक

Nilmani Pal
12 Jun 2022 12:07 PM GMT
नशे में धुत बदमाश ने बार बाला के डांस पर चलाई गोली, हालत नाजुक
x
पढ़े पूरी खबर

बेगूसराय: बिहार के बेगूसराय में एक नशे में धुत एक बदमाश ने बहुभोज के दौरान बार बाला के डांस पर गोली चला दी। गोली डांस देख रहे एक 14 साल के किशोर के पेट में लग गई। इस घटना से रिशेप्शन के खुशनुमा माहौल को अफरा तफरी में बदल दिया। आनन फानन में जख्मी किशोर को अस्पताल ले जाया गया। इसी बीच आरोपी पिस्टल लहराता हुआ फरार हो गया। किशोर की पहचान रोस्तमा निवासी सोनेलाल यादव के पुत्र नीरज कुमार के रूप में हुई है। घटना जिले के वीरपुर पंचायत के रोस्तमा गांव की है।

ग्रामीणों ने बताया कि शनिवार को बैद्यनाथ यादव के पुत्र लक्ष्मण यादव की शादी का बहुभोज था। इस अवसर पर उनके दरवाजे पर रात में ऑर्केस्ट्रा का सांस्कृतिक कार्यक्रम चल रहा था। लोग बार बालाओं की डांस पर झूम रहे थे। इसी दौरान कुछ युवक हथियार लहराते हुए नाचने लगे। वे नशे में धुत थे। तभी एक युवक के पिस्तौल से फायर हो गया। पिस्तौल की गोली ऑर्केस्ट्रा देख रहे किशोर नीरज कुमार के पेट मे जा लगी।
फायरिंग होते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। इस बीच नीरज के शरीर से बहुत मात्रा में खून बह गया। हालांकि कुछ लोगों ने उसका प्राथमिक उपचार कर तुरन्त इलाज के लिए बेगूसराय भेजा। वहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। इस बीच हथियार लहराते हुए गोली चलाने वाला युवक भाग निकला।
जख्मी किशोर के पिता ने बताया कि उसकी किसी से कोई रंजिश नहीं है। गोली उनके पुत्र को क्यों मारी गई उन्हें नहीं मालूम, पर जिसने भी उनके पुत्र की जान लेने की कोशिश की, उसे पुलिस तुरन्त गिरफ्तार कर कानूनी करवाई करे। नीरज गांव के स्कूल में 6 ठी कक्षा में पढ़ता है। इधर थानाध्यक्ष समरेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
Next Story