
Bihar: भोजपुर जिले के सिन्हा थाना क्षेत्र स्थित पीपा पुल पर गुरुवार रात नशे में धुत एक होमगार्ड जवान और उसके साथियों द्वारा राहगीरों से मारपीट और रंगदारी वसूलने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए होमगार्ड जवान समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो को भी जब्त कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, सभी आरोपी यूपी से लौट रहे थे और शराब के नशे में थे। पीपा पुल पर पहुंचते ही उन्होंने राहगीरों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते मारपीट की घटना को अंजाम दिया। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने कुछ राहगीरों से पैसे भी छीने। बताया जा रहा है कि कृष्णगढ़ थाना क्षेत्र के उदयभानपुर गांव के कुछ युवक मेले से लौट रहे थे, तभी स्कॉर्पियो सवार आरोपियों ने उन्हें रोका और उनके साथ मारपीट की तथा करीब 5 हजार रुपये छीन लिए।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत सिन्हा थाना पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी राजू कुमार के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में संदेश थाना क्षेत्र के अखगांव निवासी रोहित कुमार शामिल है, जो आरा ट्रैफिक थाना में होमगार्ड के रूप में तैनात था। इसके अलावा नवादा थाना क्षेत्र के अनाइठ मिल्की निवासी सोनू कुमार और अनाइठ एकता नगर निवासी अभिषेक कुमार सिंह को भी पकड़ा गया है।
पुलिस के अनुसार, घटना में दो अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है। गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ मारपीट, रंगदारी और अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पीपा पुल पर इस तरह की घटनाएं चिंता का विषय हैं और रात के समय सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की जरूरत है। पुलिस ने लोगों को भरोसा दिलाया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाएगी।





