बिहार

डॉ.ब्रज भूषण भोजपुरी साहित्य सम्मेलन के 27वें राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे

Admin Delhi 1
27 Sep 2023 8:01 AM GMT
डॉ.ब्रज भूषण भोजपुरी साहित्य सम्मेलन के 27वें राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे
x

छपरा: अखिल भारतीय भोजपुरी साहित्य सम्मेलन, बिहार की राष्ट्रीय प्रवर समिति और कार्य समिति की 24 सितम्बर, 2023 को तुलसी भवन' जमशेदपुर ( झारखंड ) में हुई महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक में निर्णय लिया गया कि भोजपुरी-हिन्दी के जाने-माने साहित्यकार और समीक्षक डॉ ब्रजभूषण मिश्र सम्मेलन के 27वें राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे। सम्मेलन के राष्ट्रीय महामंत्री प्रो (डॉ) जयकान्त सिंह ने बताया कि सत्तर के दशक से भोजपुरी भाषा, समाज, संस्कृति, साहित्य और शिक्षा के निर्माण, उत्थान और वैश्विक पहचान के लिए सतत् सुव्यवस्थित पद्धति से कार्य करनेवाले इस संगठन का इतिहास अत्यंत गौरवशाली रहा है।

डॉ मिश्र उस भोजपुरी सेवी संगठन के भावी अध्यक्ष मनोनीत हुए हैं, जिसे पूर्व में अध्यक्ष के रूप में डॉ उदय नारायण तिवारी, आचार्य हजारी प्रसाद द्विवेदी, आचार्य देवेन्द्र नाथ शर्मा, डॉ. विवेकी राय, पाण्डेय कपिल, डॉ. प्रभुनाथ सिंह, डॉ. रिपुसूदन श्रीवास्तव आदि सरीखे विद्वानों का नेतृत्व प्राप्त हो चुका है। डॉ मिश्र सम्मेलन के छब्बीसवें और वर्तमान अध्यक्ष संस्कृत, हिन्दी और भोजपुरी के वयोवृद्ध विद्वान साहित्यकार डॉ. हरेराम त्रिपाठी चेतन के बाद के ऐसे अध्यक्ष होंगे, जो पूर्व में इस राष्ट्रीय संगठन के महामंत्री भी रह चुके हैं। आगामी 16 और 17 दिसम्बर, 2023 को जमशेदपुर (झारखंड) में आयोजित सम्मेलन के 27वें दो दिवसीय अधिवेशन में डॉ मिश्र को अध्यक्ष का दायित्व सौंपा जाएगा।

Next Story