बिहार
फोरलेन पर सड़क हादसे में चिकित्सक की मौत, सर्विस लेन अतिक्रमण से हुआ हादसा
Shantanu Roy
29 Aug 2022 5:54 PM GMT

x
बड़ी खबर
बेगूसराय। बेगूसराय जिला मुख्यालय में फोरलेन पर सड़क हादसे में एक चिकित्सक की मौत हो गई। घटना नगर थाना क्षेत्र के में एनएच-31 पर ज्ञान भारती विद्यालय के समीप की है। मृतक चिकित्सक मीरगंज निवासी डॉ. बालेश्वर प्रसाद के पुत्र डॉ. अरुण कुमार थे। मृतक के सहकर्मी चिकित्सकों ने बताया कि आयुष चिकित्सक अरुण कुमार समस्तीपुर जिले के अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र गजपति (हसनपुर) में करीब आठ वर्षों से कार्यरत थे। प्रतिदिन की तरह आज भी ड्यूटी जाने के लिए घर से निकले, इसी दौरान फोरलेन पर तेज रफ्तार ब्रेजा वाहन ने मोटरसाइकिल में जबरदस्त टक्कर मार दिया। जिसमें अरुण कुमार डिवाइडर को पार कर दूसरे लेन में जाकर गिर गए तथा तेज रफ्तार पिकअप रौंदते हुए भाग निकला। गंभीर हालत में इलाज के लिए निकट के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है।
नगर थाना की पुलिस ने शव पोस्मार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया तथा ठोकर मारने वाले ब्रेजा कार को जप्त कर लिया है। घटना की सूचना मिलते ही डॉक्टरों में शोक फैल गई तथा नीमा के सचिव डॉ. मजहर आलम, डॉ. अनिल विश्वकर्मा, डॉ. अजय कुमार भारती एवं डॉ. रतीश रमन सहित बड़ी संख्या में लोगों ने घटना पर दुख जताते हुए सदर अस्पताल जाकर अंतिम दर्शन किया। घटना को लेकर लोगों में काफी आक्रोश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बेगूसराय में एनएच को फोर लाइन बना दिया गया है, फोरलेन के दोनों तरफ सर्विस लेन भी बनाया गया है। लेकिन पूरे सर्विस लेन पर अतिक्रमण कारियों का कब्जा है। स्थानीय दुकानदार, अस्पताल, शोरूम, पेट्रोल पंप, होटल वाले, फल विक्रेता, मांस-मछली वाले ने सर्विस लेन को पूरी तरह से अपने कब्जे में ले लिया है। सर्विस लेन के अलावे मुख्य लेन पर भी गैरेज मालिकों द्वारा गाड़ी लगाया जा रहा है। प्रशासन से लगातार सर्विस लेन को मुक्त कराने की मांग किया जा रहा है, लेकिन जिला प्रशासन या पुलिस प्रशासन इस पर ध्यान नहीं दे रही है, जिसके कारण मजबूरी में लोग मुख्य लेन से चलते हैं तथा रोज दुर्घटना हो रही है।
Next Story