बिहार

भोजपुर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर सख्त हुए जिलाधिकारी, संबद्ध विभागों को लिखी चिट्ठी

Shantanu Roy
13 Nov 2022 10:30 AM GMT
भोजपुर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर सख्त हुए जिलाधिकारी, संबद्ध विभागों को लिखी चिट्ठी
x
बड़ी खबर
पटना। बिहार के भोजपुर जिले में पिछले 12 दिन के अंदर 10 लोगों की हत्या कर दी गई है। जिले में बढ़ते अपराध को लेकर लोगों में अब आक्रोश का माहौल बन गया है। लगातार हो रही हत्याओं की घटनाओं से जहां लोग आक्रोशित हैं। ऐसे में पुलिस व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। वहीं, लगातार हो रही हत्या की घटनाओं को लेकर जिला प्रशासन भी हैरान है। जिसके बाद अब खुद जिले के जिलाधिकारी राजकुमार को दखल देना पड़ गया है। जिलाधिकारी ने इस बाबत एक पत्र भी जारी किया है। भोजपुर के जिलाधिकारी राजकुमार ने अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर थाना आरा, पीरो एवं जगदीशपुर थाने को पत्र जारी किया है। इस पत्र में आदेश दिया है कि जिले में बढ़ रही अपराधिक घटनाओं पर जल्द से जल्द नियंत्रण करें। पत्र में जिलाधिकारी के द्वारा लिखा गया है कि कुछ दिनों से अपराधिक घटनाओं में बढ़ोतरी देखी जा रही है। इन घटनाओं के कारण आमजनों में भय एवं असुरक्षा का माहौल कायम हो गया है। साथ ही इसके कारण आमजन में प्रशासन के विरुद्ध आक्रोश भी व्याप्त है। जिलाधिकारी के पत्र में यह भी कहा गया है।
अपराधिक घटनाओं में बढ़ोतरी से परिलक्षित होता है कि विधि-व्यवस्था से जुड़े प्रशासनिक/पुलिस पदाधिकारियों द्वारा अपने दायित्व का सही ढंग से निर्वहन नहीं किया जा रहा है। इसके साथ ही जिलाधिकारी द्वारा बढ़ते अपराधिक घटनाओं को नियंत्रित करने के लिए 8 बिंदु दिए गए हैं। उन्होंने लिखा है कि मादक पदार्थों/अवैध हथियारों आदि के परिवहन को रोकने के निमित सभी प्रमुख चौक चौराहों, रेलवे स्टेशन एवं बस स्टैंड पर चेकपोस्ट लगाकर नियमित रूप से सघन जांच की जाए। पत्र में दिये गये आदेश में अपराध नियंत्रण के निमित्त सभी स्तरों पर सूचनाओं का संग्रहण करने तथा मिली सूचनाओं के आधार पर त्वरित कार्रवाई करने का आदेश दिया गया है। यदि किसी घटनाओं के क्रम में थाना प्रभारी अन्य संबंधित पदाधिकारी का स्थिरता परिलक्षित होती है तो उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाय। वहीं, पुलिस अधीक्षक संजय कुमार सिंह ने कहा है कि जिले में बढ़ती अपराधिक घटनाएं हमारे लिए चैलेंजिंग है। घटनाएं किसी भी तरीके से हो रही है चाहे वह गोली की वारदात क्यों ना हो वो हमलोगों के लिए चैलेंजिंग है। अपराध का कोई स्थान नहीं होता, लेकिन पुलिस अपना काम बखूबी कर रही है।
Next Story