बिहार

डिलीवरी बॉय और जूनियर डॉक्टर में विवाद, हॉस्टल में हंगामा

SHIDDHANT
12 Oct 2025 7:23 PM IST
डिलीवरी बॉय और जूनियर डॉक्टर में विवाद, हॉस्टल में हंगामा
x
Bhagalpur भागलपुर। बिहार के भागलपुर में जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज हॉस्टल में शुक्रवार देर रात फूड ऑर्डर को लेकर बड़ा हंगामा हो गया। ऑनलाइन फूड डिलीवरी को लेकर जूनियर डॉक्टर (फाइनल ईयर छात्र) और डिलीवरी बॉय के बीच कहासुनी झगड़े में बदल गई। मामला बरारी थाना क्षेत्र के मुसहरी घाट स्थित रमाशंकर हॉस्टल का है, जहां यह विवाद रात करीब 2 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, मेडिकल कॉलेज के एक फाइनल ईयर छात्र ने ऑनलाइन खाना ऑर्डर किया था।
डिलीवरी बॉय जब हॉस्टल पहुंचा तो डॉक्टर ने उसे सेकेंड फ्लोर पर आने को कहा। लेकिन डिलीवरी बॉय ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए ऊपर जाने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों में बहस शुरू हो गई जो कुछ ही देर में झड़प में बदल गई। घटना की जानकारी मिलते ही हॉस्टल में मौजूद अन्य छात्र भी बाहर निकल आए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। हंगामे की सूचना पर बरारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया। शनिवार को यह मामला थाने तक जा पहुंचा। दोनों पक्षों — मेडिकल छात्र और डिलीवरी बॉय — ने पुलिस को लिखित शिकायत दी है।
जूनियर डॉक्टर का आरोप:
मेडिकल छात्र ने अपने आवेदन में नाम न बताते हुए लिखा कि शुक्रवार को उसके अपहरण की कोशिश की गई थी। उसने कहा कि जब वह हॉस्टल से स्कूटी पर निकला, तो एक कार ने उसका पीछा किया और नर्सिंग कॉलेज गेट के पास टक्कर मारकर गिरा दिया। कार में बैठे पांच लोगों ने हथियार के बल पर उसे अगवा करने की कोशिश की। छात्र ने इस घटना को लेकर अपनी सुरक्षा पर भी सवाल उठाए।
डिलीवरी बॉय का आरोप:
दूसरी ओर, डिलीवरी बॉय ने अपने आवेदन में लिखा कि हॉस्टल में उसके साथ मारपीट की गई। उसने आरोप लगाया कि जूनियर डॉक्टर और अन्य छात्रों ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया और उसे नीचा दिखाने के लिए कहा कि “तुम जिंदगी भर यही काम करोगे।” डिलीवरी बॉय ने बताया कि जब पुलिस मौके पर पहुंची तो छात्रों ने पुलिस के साथ भी दुर्व्यवहार किया। उसने कहा कि उसकी पारिवारिक स्थिति कमजोर है और वह पढ़ाई के साथ यह काम करता है। इस घटना के बाद वह मानसिक रूप से आहत है। कॉलेज प्रशासन ने भी इस घटना पर नाराजगी जताई है और संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है। फिलहाल बरारी थाना पुलिस दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।
Next Story