बिहार
वैज्ञानिक सलाहकार समिति की बैठक में केवीके की प्रगति रिपोर्ट पर हुई चर्चा
Shantanu Roy
12 Oct 2022 6:24 PM GMT

x
बड़ी खबर
नवादा। नवादा जिले के कौआकोल प्रखण्ड के लोकनायक जेपी आश्रम अवस्थित राजेन्द्र भवन में कृषि विज्ञान केंद्र ग्राम निर्माण मंडल सर्वोदय आश्रम सोखोदेवरा,नवादा के सौजन्य से बुधवार को वैज्ञानिक सलाहकार समिति की 23 वीं बैठक आयोजित की गई। जिसका उदघाटन ग्राम निर्माण मंडल के अध्यक्ष प्रभाकर कुमार,अटारी जोन-4 पटना के निदेशक डॉ० अंजनी कुमार,आईसीएआर के प्रधान वैज्ञानिक डॉ० मोनोब्रुल्लाह,कृषि विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक सह प्रधान डॉ० रंजन कुमार सिंह एवं संस्था के प्रधानमंत्री अरविंद कुमार एवं कोषाध्यक्ष दिलीप मंडल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में सबसे पहले पिछले वर्ष 2021-22 की कार्यवाही को प्रस्तुत किया गया,तत्पश्चात वर्ष 2022-23 के प्रगति कार्यों को विस्तृत रूप से पीपीटी प्रजेंटेशन के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। इस दरम्यान किसान प्रतिनिधियों एवं प्रगतिशील किसानों ने कृषि एवं पशुपालन विभाग से सम्बंधित कई महत्वपूर्ण प्रश्नों को भी उठाया। जिसका जवाब कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों तथा जिला से आए विभिन्न विभाग के सम्बंधित पदाधिकारियों द्वारा दिया गया।
बैठक में उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए अटारी जोन-4 पटना के निदेशक डॉ० अंजनी कुमार ने कहा कि खेती और पशुपालन दोनों का समन्वय हो,तभी खेती अच्छी हो सकती है और इसमें अधिक आमदनी भी हो सकती है। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया। तथा कृषि वैज्ञानिकों से किसानों के बीच पहुंचकर यथासंभव मदद करने की अपील की। कृषि विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक डॉ० रंजन कुमार सिंह ने बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में किसानों की खेती से जुड़ी समस्याओं के परिप्रेक्ष्य में अनुसंधान पश्चात समाधान ढूंढने हेतु विचार विमर्श करना एवं जिले के विभिन्न कृषि पदाधिकारियों व किसानों के उपस्थिति में आगे की कार्य योजना तैयार करना है। इसके पूर्व अटारी के निदेशक डॉ० अंजनी कुमार एवं ग्राम निर्माण मण्डल के अध्यक्ष प्रभाकर कुमार के द्वारा केवीके के सौजन्य से आश्रम परिसर में स्थापित किए गए हाइड्रोपोनिक खेती इकाईं,बत्तख पालन इकाईं,प्राकृतिक खेती प्रदर्शन इकाईं तथा सिंचाई व्यवस्था इकाईं का संयुक्त रूप से उद्घाटन किया गया तथा तत्पश्चात कृषि विज्ञान केंद्र के विभिन्न प्रदर्शनी इकाईं- उद्यान,बकरी पालन,मुर्गी पालन,गौपालन आदि इकाईयों का भ्रमण भी किया गया।
Next Story