बिहार

BJP प्रत्याशी की संपत्ति और कर्ज का खुलासा

Saba Naaz
9 July 2026 5:10 PM IST
BJP प्रत्याशी की संपत्ति और कर्ज का खुलासा
x

पटना। बिहार की चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (BJP) उम्मीदवार अभिषेक कुमार बंटी ने नामांकन दाखिल कर दिया है। नामांकन के साथ जमा किए गए हलफनामे में उन्होंने अपनी संपत्ति, कर्ज, गहने और शैक्षणिक योग्यता से जुड़ी जानकारी दी है। हलफनामे के अनुसार अभिषेक बंटी के पास कुल 19 लाख 60 हजार 216 रुपये की संपत्ति है, जबकि उनकी पत्नी अमृता कृष्ण के नाम करीब 9 लाख 92 हजार 476 रुपये की संपत्ति दर्ज है। अभिषेक बंटी ने हलफनामे में यह भी बताया है कि उन पर 10 लाख रुपये का कर्ज है। नामांकन के बाद उनकी संपत्ति और निजी जानकारी को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।

अभिषेक बंटी के पास 70 हजार रुपये नकद

हलफनामे के मुताबिक, अभिषेक बंटी के पास 70 हजार रुपये नकद हैं। उनके पास एक कार और एक मोटरसाइकिल भी है। जानकारी के अनुसार उन्होंने साल 2018 में होंडा कार खरीदी थी, जबकि पिछले साल एक मोटरसाइकिल खरीदी गई। उनकी चल-अचल संपत्ति में वाहन, नकदी और आभूषण शामिल हैं। वहीं, पत्नी के नाम भी अलग से संपत्ति दर्ज है।

सोने के आभूषणों का भी दिया ब्योरा

अभिषेक बंटी ने अपने हलफनामे में सोने के आभूषणों की जानकारी भी दी है। उनके पास 5 ग्राम सोने की चेन है, जिसकी कीमत करीब 66 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा उनके पास 6 ग्राम सोने की अंगूठी है, जिसकी कीमत लगभग 80 हजार रुपये है। वहीं, उनकी पत्नी अमृता कृष्ण के पास 32 ग्राम सोने के गहने हैं, जिनकी कीमत करीब 4 लाख 24 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा उनके पास 400 ग्राम चांदी के आभूषण भी हैं, जिनकी कीमत लगभग 98 हजार रुपये है।

दसवीं पास हैं अभिषेक बंटी

नामांकन पत्र में अभिषेक बंटी ने अपनी शैक्षणिक योग्यता की जानकारी भी दी है। हलफनामे के अनुसार वह बिहार बोर्ड से दसवीं पास हैं। उन्होंने साल 2000 में दरभंगा के चौधरी संस्कृत सेकेंड्री स्कूल थाथोपुर से मैट्रिक की परीक्षा पास की थी। इसके बाद उन्होंने आगे की पढ़ाई नहीं की।

26 साल से BJP संगठन से जुड़े

अभिषेक बंटी लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी से जुड़े हुए हैं। उन्होंने साल 1999 में बीजेपी की सदस्यता ली थी। संगठन में काम करते हुए उन्हें कई जिम्मेदारियां मिलीं। साल 2013 में उन्हें पहली बार मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। इसके बाद साल 2020 में वह बीजेपी युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष बनाए गए। साल 2023 में उन्हें बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के गौतम बुद्ध मंडल का प्रभारी बनाया गया। साथ ही युवा मोर्चा में प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी मिली।

नितिन नवीन के करीबी माने जाते हैं

बांकीपुर विधानसभा सीट बीजेपी का मजबूत गढ़ मानी जाती है। यह सीट बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद खाली हुई है। पार्टी ने इस बार नितिन नवीन के करीबी माने जाने वाले अभिषेक बंटी को उम्मीदवार बनाया है। बीजेपी उन्हें लंबे समय से संगठन से जुड़े कार्यकर्ता और पार्टी के जमीनी चेहरे के रूप में पेश कर रही है।

प्रशांत किशोर की एंट्री से मुकाबला रोचक

बांकीपुर उपचुनाव में इस बार मुकाबला काफी दिलचस्प हो गया है। बीजेपी उम्मीदवार अभिषेक बंटी के सामने जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर चुनाव मैदान में हैं।

बीजेपी जहां अपनी परंपरागत सीट को बचाने की कोशिश कर रही है, वहीं प्रशांत किशोर पहली बार चुनावी मैदान में उतरकर अपनी राजनीतिक ताकत साबित करना चाहते हैं। ऐसे में बांकीपुर उपचुनाव बिहार की राजनीति में एक अहम मुकाबले के रूप में देखा जा रहा है।

Next Story