
x
अज्ञात युवक का शव
बेगूसराय, 05 अगस्त (हि.स.)। बेगूसराय में घटनाओं का सिलसिला लगातार जारी है। शुक्रवार को भी तेघड़ा थाना क्षेत्र से एक अज्ञात युवक का शव बरामद किया गया है। घटना तेघड़ा थाना क्षेत्र से गुजरने वाली बलान नदी का है। शव बरामद कर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। समाचार भेजे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। शव की हालत देखकर आशंका जताई जा रही है कि दो-तीन दिन पहले कहीं अन्य जगह हत्या कर साक्ष्य छुपाने के लिए युवक का शव नदी में फेंक दिया गया है।
बताया जाता है कि शुक्रवार को नोनपुर गांव के स्थानीय लोग जब नदी किनारे घूमने गए तो नदी में तैरता नग्न युवक का शव देखकर हड़कंप मच गया। शव पाए जाने की जानकारी मिलते ही मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई। जिसके बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची तेघड़ा थाना की पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से युवक का शव नदी से निकाला है। नोनपुर के अलावा आसपास के गांव से भी बड़ी संख्या में लोग शव देखने पहुंचे, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
Next Story