बिहार

कुएं में मिला बारात में आए युवक का शव, आर्केस्‍ट्रा स्‍टेज पर चढ़ने को लेकर शादी में बवाल

Rani Sahu
3 May 2022 9:05 AM GMT
कुएं में मिला बारात में आए युवक का शव, आर्केस्‍ट्रा स्‍टेज पर चढ़ने को लेकर शादी में बवाल
x
उत्‍तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में एक शादी समारोह के दौरान आर्केस्‍ट्रा में नर्तकी के साथ डांस करने को लेकर बवाल हो गया

उत्‍तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में एक शादी समारोह के दौरान आर्केस्‍ट्रा में नर्तकी के साथ डांस करने को लेकर बवाल हो गया। घराती और बाराती पक्ष में जमकर मारपीट के दौरान 4 लोग घायल हो गए। आरोप है कि इसी दौरान बिहार के कैमूर जिले से बारात में आए 25 वर्षीय सरोज शाह को पीट-पीटकर मार डाला गया। बाद में उसका शव एक उबड़-खाबड़ कुएं से बरामद किया गया। पुलिस ने 4 लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार सोनभद्र के पचोखर गांव में एक शादी समारोह के दौरान यह बवाल हुआ। पन्नूगंज थाना क्षेत्र के पचोखर गांव निवासी बृजराज कनौजिया की लड़की की शादी थी। बारात बिहार के शिकरी गांव के रामजनम बैठा के यहां से आई थी। शादी में आर्केस्‍ट्रा चल रहा था। स्‍टेज पर नर्तकी डांस कर रही थी। रात 10 बजे के आसपास कुछ लड़के स्‍टेज पर चढ़ गए। इस पर घराती पक्ष से कुछ लोगों ने आपत्ति की जिस पर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों की ओर से मारपीट होने लगी। फिर जमकर हिंसा शुरू हो गई जिसमें कम से कम चार लोग घायल हो गए। इस दौरान अधौरा की ब्‍लॉक प्रमुख संगीता देवी सहित कई लोगों की गाड़ियों में तोड़फोड़ भी की गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बड़े-बुजुर्गों ने बीच-बचाव करके मामले को शांत कराया और किसी तरह शादी समारोह सम्‍पन्‍न किया गया।
मृतक के परिवारीजों का आरोप है कि ब्रह्ममुहूर्त में आए लड़की पक्ष के कुछ लोग सरोज को अपने साथ ले गए। जब सुबह तक सरोज नहीं लौटा तो पुलिस को सूचना दी गई। उसका शव आर्केस्‍ट्रा स्‍थल से डेढ़ सौ मीटर की दूरी पर एक उबड़-खाबड़ कुएं से मिला। परिवार ने आरोप लगाया कि सरोज की लिंचिंग की गई। इसके बाद उसे कुएं में फेंक दिया गया। उन्‍होंने इस मामले की उच्‍चस्‍तरीय जांच की मांग की। मृतक हत्‍या और हत्‍या के प्रयास के करीब 10 मामलों में आरोपी था। उसके खिलाफ रोहतास और कैमूर जिलों के कई थानों में मुकदमे दर्ज थै। बिहार के एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि यह हो सकता है कि उसके दुश्‍मनों ने इस मौके का इस्‍तेमाल सरोज के खात्‍मे के लिए किया। उधर, बिहार के अल्‍पसंख्‍यक कल्‍याण मंत्री जामा खान ने पन्‍नूगंज पुलिस स्‍टेशन पहुंचकर यूपी के अधिकारियों से मामले की सघनता से जांच कराने को कहा। सोनभद्र के एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने मंगलवार को कहा कि प्राथमिक जांच और चिकित्‍सकीय रिपोर्ट से ऐसा लग रहा है कि युवक शादी समारोह में मची अफरातफरी के दौरान कुएं में गिरकर डूब गया। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज करा लिया है और सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।
Next Story